स्वर्ण मुकुट, कुंडल और दिव्य आभूषणों से सजे श्याम बाबा के मनोहारी दर्शन कर निहाल हुए श्रद्धालु
आगरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। जन्माष्टमी के अवसर पर श्याम बाबा का रंग-बिरंगे पुष्पों से भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। लाल, गुलाबी, सफेद और पीले फूलों से सजे फूल बंगले के मध्य विराजमान श्याम बाबा ने स्वर्ण मुकुट, कुंडल और दिव्य आभूषण धारण कर भक्तों को मनोहारी दर्शन दिए।
बाबा को इलायची और मखाने की सुगंधित मालाएं धारण कराई गईं, जबकि चरणों में कमल पुष्प अर्पित किए गए। फूलों की अनुपम सजावट और बाबा के दिव्य स्वरूप ने पूरे मंदिर परिसर को भक्ति और आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया।
श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न भक्तों एवं समितियों ने अलग-अलग सेवाओं का सौभाग्य प्राप्त किया। पोशाक एवं श्रृंगार सेवा विजय गुप्ता, फूल बंगला सेवा अनुराग एवं दीपक गर्ग, प्रसाद सेवा श्री खाटू श्याम जी ग्लोबल समिति, टॉफी-चॉकलेट एवं खिलौने सेवा श्री श्याम सेवक परिवार समिति, लाइटिंग सेवा पंकज कुमार अग्रवाल, झांकी सेवा अभिषेक गोयल, माखन-मिश्री सेवा राकेश गर्ग तथा इत्र सेवा हरिश्चंद्र अग्रवाल की ओर से की गई।
पूरे मंदिर परिसर को फूलों, गुब्बारों, आकर्षक खिलौनों और भव्य विद्युत सज्जा से सजाया गया। मंदिर में प्रवेश करते ही भगवान श्रीकृष्ण की जन्मलीला की भव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही। नंदलाल के जन्मोत्सव की झांकी देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट की ओर से दर्शन के लिए विशेष एवं सुव्यवस्थित इंतजाम किए गए, जिससे भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बच्चों में भी जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। बच्चों को टॉफी, चॉकलेट और खिलौने वितरित किए गए, वहीं श्रद्धालुओं को सुगंधित इत्र भी बांटा गया।
भव्य विद्युत सज्जा से जगमगाते मंदिर परिसर में देर रात तक भक्ति की रसधारा बहती रही। भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” और “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” जैसे भजनों और जयकारों पर झूमते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर “हारे के सहारे की जय” और “श्याम बाबा की जय” के जयघोष से गूंजता रहा।
जन्माष्टमी की पावन रात्रि में श्याम बाबा के दिव्य श्रृंगार और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं ने देर रात तक भजन-कीर्तन का आनंद लिया।
इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अमित गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
— TIMES OF TAJ
