मुतवल्ली विंग को मजबूत करने पर जोर, जिले स्तर पर लोगों के बीच जाकर समस्याएं समझेंगे बोर्ड के कार्यकर्ता
औरंगाबाद, महाराष्ट्र। ऑल इंडिया उलमा बोर्ड की एक अहम बैठक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मौलाना साबित अली नक्शबंदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बोर्ड के मुतवल्ली विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष हाजी सुहैल पटेल मुख्य रूप से शामिल हुए। महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से उलमा बोर्ड के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बैठक में पहुंचे।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना नौशाद अहमद सिद्दीकी और राष्ट्रीय महासचिव अल्लामा बुनई हसनी की भी प्रमुख मौजूदगी रही। इस दौरान बोर्ड की विभिन्न गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, वक्फ और मुतवल्ली विंग को मजबूत करने पर फोकस किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महाराष्ट्र में बोर्ड की मौजूदा विंग बेहतर तरीके से कार्य कर रही है। जरूरत इस बात की है कि इन प्रयासों को और व्यापक बनाया जाए तथा लोगों के बीच अधिक से अधिक जागरूकता पैदा की जाए।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के साथ-साथ वक्फ संपत्तियों और मुतवल्लियों से जुड़े मामलों पर भी गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। बोर्ड के कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
बैठक में शेख आसिफ महबूब, एडवोकेट डॉ. फातिमा साहिबा, लुकमान कादरी, महवीश खान, शकीला पठान, रुहीना, मुफ्ती सैयद शफीउद्दीन, मौलाना महफूज रहमान, मौलाना शाह अमानुल्लाह, मौलाना अबरार काशिफ, सैय्यद शहाबुद्दीन कादरी, सैय्यद हुसैन, शेख अल्ताफ, असलम और सैय्यद अजीम सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताई आगे की रणनीति
बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इसमें उलमा बोर्ड के जिम्मेदारों ने कहा कि महाराष्ट्र में ऑल इंडिया उलमा बोर्ड एक बड़े संगठन के रूप में सामने आया है और इसके साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं।
जिम्मेदारों ने कहा कि बोर्ड के कार्यकर्ता अब जिले स्तर पर आम लोगों के बीच जाएंगे, उनकी समस्याओं और मुद्दों को समझेंगे तथा संबंधित मामलों को उठाने का प्रयास करेंगे। जरूरत पड़ने पर बोर्ड जनसमस्याओं के समाधान के लिए सरकार के स्तर पर भी अपनी बात रखेगा और संबंधित अधिकारियों एवं सरकार का दरवाजा खटखटाएगा।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने, विभिन्न विंगों की सक्रियता बढ़ाने तथा आम लोगों तक बोर्ड की गतिविधियों और योजनाओं को पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
— TIMES OF TAJ
