वायरल पॉडकास्ट के बाद बढ़ा था मामला, संसद मार्ग थाने पर नेताओं के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने तेज की कार्रवाई
नई दिल्ली/बुलंदशहर। निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर हमले के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने आखिरकार कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने शुक्रवार, 4 सितंबर को आरोपी को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया। इसके बाद उसे बुलंदशहर के चोला थाने ले जाया गया, जहां पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
मामले की शुरुआत उस समय हुई जब स्वतंत्र भारद्वाज के एक पॉडकास्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें संजय कुमार पर हमले से जुड़ी बातें सामने आने का दावा किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा और विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के नेता दिल्ली पुलिस से कार्रवाई की मांग को लेकर सामने आए।
संसद मार्ग थाने पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
मामले को लेकर सीजेपी के आशुतोष रांका और सौरव दास, कांग्रेस की छात्र इकाई से जुड़े विनोद जाखड़, नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद समेत कई नेता और कार्यकर्ता संसद मार्ग थाने पहुंचे।
प्रतिनिधिमंडल और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई। इसके बाद पुलिस की ओर से मामले में SC/ST एक्ट के तहत कार्रवाई किए जाने की बात कही गई। साथ ही संजय कुमार का दोबारा मेडिकल कराने का निर्णय लिया गया।
पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा जोड़ने पर भी निर्णय लिया जाएगा।
72 घंटे में गिरफ्तारी का दिया गया था आश्वासन
बताया गया कि पुलिस ने प्रतिनिधिमंडल को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 72 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। अब आरोपी को बुलंदशहर से हिरासत में लिए जाने के बाद मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ गई है।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुलिस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि FIR दर्ज करने में काफी समय लगा और इसके लिए विरोध-प्रदर्शन तक करना पड़ा। उन्होंने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
वहीं, सौरव दास ने पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा था कि यदि अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो दोबारा संसद मार्ग थाने का घेराव किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
— TIMES OF TAJ
