दोषी पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग
कासगंज। दिल्ली के द्वारका क्षेत्र स्थित एक अस्पताल में कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ कथित गाली-गलौज, मारपीट और मोबाइल फोन छीने जाने की घटना के विरोध में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिलाधिकारी प्रणय सिंह को ज्ञापन सौंपा।
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, दिल्ली के उपराज्यपाल एवं पुलिस आयुक्त दिल्ली को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों ने घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा कथित रूप से घटना में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर अभद्रता, मारपीट और जबरन मोबाइल छीनने की घटना बेहद गंभीर है। पत्रकारों ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता और सुरक्षा पर हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ये हैं प्रमुख मांगें
• घटना में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए।
• पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।
• पीड़ित पत्रकारों को न्याय दिलाया जाए।
• पत्रकारों से छीने गए मोबाइल फोन वापस कराए जाएं।
• भविष्य में पत्रकारों के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जनपद के पत्रकार राधेश्याम यादव, नूरूल इस्लाम, जुम्मन कुरैशी, जीतू सिंह, उबैद अली, विशाल श्रोती, कपिल दीक्षित, सचिन उपाध्याय, अजीत पचौरी, मुकेश यादव सहित राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
Times of Taj | कासगंज
