इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो-2026 का उद्घोषणा समारोह आयोजित, देशभर से जुटेंगे 2000 से अधिक प्रतिनिधि
50 से अधिक विशेषज्ञ साझा करेंगे अनुभव, 50 से अधिक स्टॉल्स पर सजेगी विवाह उद्योग की दुनिया
आगरा। ताजनगरी को देश की प्रमुख वेडिंग सिटी के रूप में स्थापित करने और उत्तर प्रदेश में पर्यटन एवं विवाह उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 21 और 22 सितंबर को आगरा में विवाह उद्यमियों का महाकुंभ आयोजित होगा। उत्तर प्रदेश वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से आयोजित होने वाले इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो-2026 का उद्घोषणा समारोह शिल्पग्राम रोड स्थित होटल ताज आगरा में दीप प्रज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ।
उद्घोषणा समारोह का शुभारंभ संस्था के संरक्षक राजेश गोयल, मार्गदर्शन एवं पर्यटन समिति के सदस्य सुनील जैन, अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी, महासचिव संदीप उपाध्याय, उपाध्यक्ष सौरभ सिंघल, पंकज गोयल,पीयूष सिंघल, तरुण अग्रवाल और होटल ताज आगरा के जनरल मैनेजर राजेश चक्रवर्ती ने दीप प्रज्वलित कर किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कॉन्क्लेव एवं एक्सपो के आयोजन की औपचारिक घोषणा की गई।
दो दिवसीय आयोजन में देशभर से 2000 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। कॉन्क्लेव में विवाह उद्योग से जुड़ी चुनौतियों, संभावनाओं और विकास के नए रास्तों पर मंथन होगा। वहीं, एक्सपो में फैशन, डेकोरेशन, एंटरटेनमेंट और विवाह आयोजन से जुड़ी सेवाओं के 50 से अधिक स्टॉल्स लगाए जाएंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास और पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए आगरा को वेडिंग सिटी के रूप में स्थापित करना आवश्यक है। ताजमहल की पहचान के साथ आगरा को भव्य विवाह आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने बताया कि यह कॉन्क्लेव एंड एक्सपो का लगातार दूसरा संस्करण है। पिछले आयोजन की सफलता को देखते हुए इस बार अधिक व्यापक तैयारियों और ज्यादा सहभागिता के साथ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विवाह उद्योग से जुड़े उद्यमियों को एक मंच पर लाकर आपसी सहयोग, नए व्यावसायिक अवसरों और उद्योग के विस्तार को प्रोत्साहित करना है।
50 से अधिक विशेषज्ञ रखेंगे विचार, देशभर से जुटेंगे प्रतिनिधि
एसोसिएशन के महासचिव संदीप उपाध्याय ने बताया कि कॉन्क्लेव में 50 से अधिक विशेषज्ञ अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, चेन्नई, कर्नाटक, राजस्थान, झारखंड, मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से विवाह उद्यम से जुड़े प्रतिनिधि आगरा पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि एक्सपो में आगरा के साथ अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, मथुरा और आसपास के क्षेत्रों के उन एक हजार से अधिक परिवारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जिनके घरों में विवाह समारोह होने वाले हैं। एक्सपो में फैशन, डेकोरेशन, एंटरटेनमेंट सहित विवाह आयोजन से जुड़ी विभिन्न सेवाओं के 50 से अधिक स्टॉल्स आकर्षण का केंद्र होंगे।
विवाह उद्योग की नई दिशा पर होगा मंथन
उपाध्यक्ष सौरभ सिंघल ने बताया कि कॉन्क्लेव में देशभर के जाने-माने विशेषज्ञ विवाह उद्योग के बदलते स्वरूप और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। आशीष अरोड़ा ने बताया कि वक्ताओं में ऋतुराज खन्ना, महावीर शर्मा, प्रीतेश शर्मा, गीतिका गंजूधर, अरशद हुसैन सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल होंगे।
उपाध्यक्ष पंकज गोयल ने बताया कि पहले दिन 21 सितंबर को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह एक्सपो का उद्घाटन करेंगे। दूसरे दिन मुख्य सचिव अमृत अभिजात विवाह उद्योग से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान के संबंध में मार्गदर्शन देंगे।
पहले दिन पर्यटन, वेडिंग बिजनेस और डिजिटल बदलाव पर चर्चा
कॉन्क्लेव के पहले दिन का विषय ‘विवाह उद्योग का व्यवसाय’ होगा। इसमें विवाह उद्योग के व्यावसायिक अवसरों, पर्यटन, आतिथ्य, मिठाइयों, मनोरंजन और डिजिटल बदलाव जैसे विषयों पर सत्र आयोजित होंगे।
प्रमुख सत्रों में ‘प्यार के शहर से विवाहों के शहर तक: भारत के अगले बड़े वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में आगरा की नई पहचान’, ‘मिठास का अनूठा संगम: विवाह की मिठाइयों में परंपरा और नवाचार’, ‘प्लेटफॉर्म की ताकत: विवाह उद्योग को आकार देते आयोजन और सम्मेलन’, ‘मनोरंजन में क्रांति: कलाकार, तकनीक और विवाह समारोहों का भविष्य’ तथा ‘रील्स से वास्तविक व्यावसायिक अवसरों तक: सोशल मीडिया, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल प्लेटफॉर्म से बदलता विवाह कारोबार’ शामिल हैं। सायं काल ऑल इंडिया आइकन अवॉर्ड 2026 वैवाहिक उद्यम के क्षेत्र में मिसाल कायम कर रहे उद्यमियों को प्रदान किए जाएंगे।
दूसरे दिन नीति, आतिथ्य, खानपान और सजावट पर विमर्श
दूसरे दिन का विषय ‘विवाह उद्योग के समग्र तंत्र को आकार देना’ होगा। इस दिन उत्तर प्रदेश की पर्यटन नीति, आतिथ्य उद्योग, खानपान, डिजाइन और डेकोरेशन से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
प्रमुख सत्रों में ‘उत्तर प्रदेश की पर्यटन नीति को समझना: प्रदेश को निवेश के अनुकूल बनाना’, ‘उत्तर प्रदेश में आतिथ्य उद्योग का भविष्य: व्यावसायिक मांग और अवसर’, ‘‘बैंक्वेट से आगे: विवाह समारोहों में खानपान के बदलते अनुभव’ और ‘फूलों से आगे: आधुनिक विवाहों में डिजाइन, सजावट और अनुभवों का विकास’ शामिल हैं।
हर जिले के स्वाद से महकेगी ब्रज की मेजबानी
होटल ताज कन्वेंशन आगरा के जनरल मैनेजर राजेश चक्रवर्ती ने बताया कि दो दिवसीय आयोजन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के स्वाद आगंतुकों को परोसे जाएंगे। ब्रज की पारंपरिक मेजबानी के साथ प्रदेश की विविध खानपान परंपराओं का अनुभव भी प्रतिनिधियों को मिलेगा।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर पंकज गोयल, शिरीष सिन्हा, सनी गुप्ता, आशीष अरोड़ा, होटल ताज आगरा के यूनिट सेल्स से सुनील चौधरी, स्वप्निल कुलश्रेष्ठ, हर्ष सिसोदिया, कीर्ति कुलश्रेष्ठ, कमलप्रीत सिंह, विनीत गोयल, संदीप सिकरवार, प्रांजल भार्गव, अनिल सविता, अपरार्क शर्मा, दिलीप कुमार आदि उपस्थित रहे।
