कलेक्ट्रेट, विकास भवन से लेकर सोरों शूकर क्षेत्र के गंगा घाट तक हुआ दीप प्रज्ज्वलन
कासगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रथम दिवस पर कासगंज जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ करीब एक लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए।


दीपों की रोशनी से कलेक्ट्रेट, विकास भवन, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, घरों, मंदिरों, घाटों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थल जगमगा उठे।
कलेक्ट्रेट सभागार, विकास भवन तथा शूकर क्षेत्र सोरों जी स्थित गंगा घाट पर आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रमों में उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की और दीप प्रज्ज्वलित किए।
सोरों जी के गंगा तट पर दिखा मनोहारी दृश्य
शूकर क्षेत्र सोरों जी में गंगा तट पर बड़ी संख्या में जलाए गए दीपों से घाट और आसपास के मंदिर प्रकाश से नहा उठे। दीपों की रोशनी ने पूरे वातावरण को आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम में श्रद्धा के साथ सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भी जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिन कासगंज में नगर से ग्रामीण अंचलों तक दीपों की रोशनी के माध्यम से सेवा, विकास और जनकल्याण के संकल्प का संदेश दिया गया। पूरा जनपद दीपों की रोशनी से जगमगाता नजर आया।
