डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के निर्देश
फर्रुखाबाद (अमृतपुर)। अमृतपुर तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायत की वास्तविक स्थिति की जांच करें और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान तत्काल संभव है, उनका निस्तारण मौके पर ही कराया जाए। अन्य मामलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए।
राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों पर डीएम ने भूमि विवाद, पैमाइश, नामांतरण और कब्जे सहित अन्य मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 78 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 33, पुलिस की 12, विकास विभाग की 10, विद्युत विभाग की 4, खाद्य एवं रसद विभाग की 5 तथा अन्य विभागों से संबंधित 14 शिकायतें शामिल थीं। मौके पर 5 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर राजेश कुमार द्विवेदी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, तहसीलदार अमृतपुर शशांक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
