कासगंज। कासगंज जंक्शन पर वर्ष 1880 से संचालित हो रहे लगभग 145 वर्ष पुराने कासगंज आरएमएस (रेलवे मेल सर्विस) को पुनः पूर्ण रूप से संचालित किए जाने की मांग को लेकर हकीम अजमल खान फाउंडेशन ने क्षेत्रीय सांसद देवेश शाक्य के माध्यम से केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि कासगंज आरएमएस लंबे समय से कासगंज एवं एटा जनपद के नागरिकों को डाक, पार्सल, स्पीड पोस्ट एवं अन्य डाक सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। 08 मई 2026 को आगरा रीजन द्वारा कासगंज आरएमएस को बंद किए जाने संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने के बाद स्थानीय लोगों में चिंता है।
ज्ञापन में कहा गया कि आरएमएस के बंद होने से कासगंज एवं एटा जनपद के हजारों गांवों और लाखों नागरिकों को डाक सेवाओं के लिए अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए वर्ष 1880 में स्थापित इस ऐतिहासिक आरएमएस को कासगंज जंक्शन पर पुनः पूर्ण रूप से संचालित किया जाए।
फाउंडेशन की ओर से आरएमएस काउंटर को अपराह्न 12:30 बजे से रात 8:30 बजे तक पुनः संचालित करने की मांग की गई। साथ ही डाक कार्य, राजस्व, पार्सल और स्पीड पोस्ट की वास्तविक स्थिति की विभागीय स्तर पर समीक्षा कराने तथा स्थानीय जनता की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने का अनुरोध किया गया।
हकीम अजमल खान फाउंडेशन के जनरल सेक्रेटरी डॉ. लाइक अली खान के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कासगंज एवं एटा जनपद की जनता के व्यापक हित को देखते हुए मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक विभागीय कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया।
इस अवसर पर डॉ. लाइक अली खान, असरार अहमद सैफी और सुल्तान हसन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Times of Taj Disclaimer: यह समाचार उपलब्ध कराई गई जानकारी एवं संबंधित पक्ष के दावे के आधार पर प्रकाशित किया गया है। आवश्यक तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि संबंधित विभाग/प्राधिकरण से की जा सकती है।
