आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट (आईटीएचएम) में विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में पर्यटन दिवस की पूर्व संध्या पर क्विज प्रतियोगिता एवं सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वर्ल्ड टूरिज्म ऑर्गेनाइजेशन 2026 की थीम डिजिटल एजेंडा एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टू री डिजाइन टूरिज्म पर एकदिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंचासीन गणमान्यों में श्री महातम सिंह जनरल मैनेजर टूरिस्ट इंडिया ट्रैवल सर्विसेज, संस्थान के निदेशक प्रोफेसर यू एन शुक्ला व प्रोग्राम कन्वीनर प्रोफेसर लवकुश मिश्रा ने मंच को सुशोभित किया। इस अवसर पर आज की मुख्य अतिथि कुलपति प्रोफेसर आशू रानी ने अपने द्वारा भेजे हुए संदेश में विद्यार्थियों को पर्यटन दिवस की कोटि बधाई दी तथा सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों से आवाहन किया कि वे पर्यटन के क्षेत्र में अपना अमूल्य सहयोग देकर भारत को पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में अग्रिम पंक्ति में स्थापित करें । इस हेतु वे संस्थान को हर संभव सहयोग करने का आश्वासन देती हैं। उपरोक्त अवसर पर श्री महात्तम सिंह ने आधुनिक भारत में पर्यटन की शुरुआत पर अपनी रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि एक समय में हिंदुस्तान में अच्छी ट्रैवल सर्विसेज, हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज, एवियशन सर्विसेज आदि का बेहद अभाव था इसी प्रकार अच्छे ट्रैवल गाइड्स का होना एक सपने के अतिरिक्त कुछ और न था किंतु वर्तमान में टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में उपस्थित शैक्षणिक संस्थानों ने अपना अमूल्य योगदान देकर पर्यटन एवं होटल प्रबंधन क्षेत्र में अच्छे ट्रेनर्स उपलब्ध कराए हैं। श्री राजीव तिवारी जी ने अपने भेजे हुए संदेश में सभी विद्यार्थियों को पर्यटन दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के निदेशक प्रोफेसर यू.एन. शुक्ला के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यटन के महत्व, भारतीय संस्कृति एवं पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध शैक्षणिक तथा व्यावसायिक संभावनाओं से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात् संस्थान के निदेशक प्रोफेसर यू.एन. शुक्ला ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया तथा विश्व पर्यटन दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसरों की पहचान करने और अपने ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्रोफेसर लव कुश मिश्रा ने अपने संबोधन में पर्यटन के क्षेत्र में पर्यटन प्रबंधन में परास्नातक (एमबीए) की महत्ता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि पर्यटन उद्योग में प्रबंधन, संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता एवं व्यावसायिक दक्षता की महत्वपूर्ण भूमिका है। साथ ही उन्होंने भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में पर्यटन की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति की विविधता को समझने तथा उसे देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर संस्थान की शिक्षिका साक्षी तिवारी ने संचालन किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन व हॉस्पिटैलिटी सेक्टर पर संक्षिप्त उद्बोधन अमित कुमार साहू द्वारा दिया गया। उपरोक्त अवसर पर क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसका विषय पर्यटन एवं होटल प्रबंधन क्षेत्र रहा इसमें 50 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया इस प्रतियोगिता के आयोजन में संस्थान की शिक्षिका विभा माथुर, डॉक्टर अंजली कुमारी व श्री रंजीत कुमार का विशेष सहयोग रहा। विद्यार्थियों को भाषण प्रतियोगिता हेतु अमित साहू व विभा माथुर ने प्रशिक्षित किया।
संस्थान के प्रधान सहायक कुलदीप यादव व सहायक नितिन गुप्ता ने लॉजिस्टिक से संबंधित व्यवस्थाओं को संभाला। इसके अतिरिक्त कुलदीप दीक्षित, अल्बीना व रजनी ने विभा मैडम की देख रेखमें खान-पान की व्यवस्थाओं को संभालने में विशेष सहयोग किया।विशाल गोला ने भी बाह्य व्यवस्थाओं को संभाला।
कार्यक्रम के अगले चरण में प्रातः आयोजित क्विज व भाषण प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों इरा निगम ,सोनम, इज्हान, सूरज, नवतेश ढींगरा और अभिषेक को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों के उत्साह एवं सहभागिता की सराहना की गई। इसके पश्चात् संस्थान की ओर से मुख्य अतिथि श्री महात्तम सिंह को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को पर्यटन उद्योग की व्यावहारिक आवश्यकताओं, रोजगार की संभावनाओं तथा भारतीय संस्कृति और विरासत के महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
