लखनऊ। शैक्षिक सत्र 2027-28 में नए महाविद्यालय या संस्थान खोलने तथा मौजूदा संस्थानों में बीएड को छोड़कर नए विषय एवं पाठ्यक्रम शुरू करने की प्रक्रिया अब निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों को निर्देश जारी किए हैं।
शासन की ओर से जारी समय-सारिणी के अनुसार विश्वविद्यालयों में अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) के लिए प्रस्ताव 31 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन जमा किए जा सकेंगे। इसके बाद भूमि से संबंधित अभिलेखों का राजस्व विभाग से सत्यापन 5 जनवरी 2027 तक पूरा किया जाएगा।
संबंधित विश्वविद्यालय को प्रस्ताव जिलाधिकारी के पास भेजना होगा। जिलाधिकारी को प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद सात दिन के भीतर संबंधित प्रक्रिया शुरू करनी होगी और अधिकतम एक माह के भीतर अपनी रिपोर्ट ऑनलाइन भेजनी होगी।
निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद अनापत्ति आदेश 20 जनवरी 2027 तक जारी किए जाएंगे। वहीं, विश्वविद्यालय के निर्णय से असंतुष्ट होने की स्थिति में 30 जनवरी 2027 तक शासन में अपील की जा सकेगी। इन अपीलों का निस्तारण शासन स्तर पर 20 फरवरी 2027 तक किया जाएगा।
इसके बाद शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए नए महाविद्यालयों, संस्थानों तथा नए विषय एवं पाठ्यक्रम शुरू करने की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आगे बढ़ाया जाएगा। शासन ने विश्वविद्यालयों को पूरी प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
Times of Taj Disclaimer: यह समाचार उपलब्ध आधिकारिक/प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। किसी भी निर्णय या प्रक्रिया की अंतिम पुष्टि संबंधित विभाग के आधिकारिक आदेश से की जानी चाहिए।
