खांबड़ा में चार थानों के एसएचओ समेत भारी पुलिस बल तैनात, रैली खत्म होने तक घर से बाहर निकलने पर रोक
मुस्लिम संगठन पंजाब की ओर से काले झंडे दिखाने के ऐलान के बाद पुलिस की कार्रवाई
रैली शांतिपूर्ण रहे, इसलिए की गई नजरबंदी : डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों
जालंधर, : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आज जालंधर के प्रागपुर में होने वाली महा रैली से पहले पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मुस्लिम संगठन पंजाब की ओर से अमित शाह को काले झंडे दिखाने के ऐलान के बाद संगठन के प्रधान एवं जमीयत उलेमा-ए-हिंद के जिला प्रधान मजहर आलम मजाहिरी को बुधवार सुबह उनके खांबड़ा स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया गया।
मजहर आलम के घर के बाहर थाना डिवीजन नंबर-5 के एसएचओ संजीव कुमार सूरी, थाना सदर के एसएचओ बलकरन सिंह, जालंधर हाईट्स चौकी इंचार्ज जसबीर चंद तथा थाना प्रतापपुरा के एसएचओ विक्टर मसीह सहित पीएपी की भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी के कारण इलाके में भी हलचल बनी रही।
‘युपी की तरह पंजाब में नफरत की सियासत नहीं चलने देंगे’ : मजहर आलम
नजरबंदी के दौरान मजहर आलम ने कहा कि वह मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दों और धार्मिक स्थलों से संबंधित मामलों को लेकर अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश के विभिन्न हिस्सों में मुसलमानों को लेकर नफरत का माहौल पैदा किया जा रहा है और धार्मिक स्थलों से जुड़े विवादों में मुस्लिम समुदाय को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की अमन-शांति और भाईचारा कायम रखना जरूरी है तथा उनका संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखता रहेगा। मज़हर आलम ने कहा कि जिस तरह से मस्जिदों को बुलडोज़ किया जा रहा है हम बीजेपी को पंजाब में कैसे बर्दाश्त करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का पुरे पंजाब में विरोध किया जाएगा।
रैली शांतिपूर्ण रहे, इसलिए की गई नजरबंदी : डीसीपी
इस संबंध में डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर मनदीप सिंह ढिल्लों ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जालंधर आ रहे हैं। मुस्लिम संगठन की ओर से उन्हें काले झंडे दिखाने की कॉल दी गई थी। ऐसे में रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मजहर आलम को उनके घर पर नजरबंद किया गया है।
डीसीपी ने कहा कि अमित शाह की रैली समाप्त होने तक मजहर आलम अपने खांबड़ा स्थित आवास पर ही रहेंगे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी अप्रिय स्थिति को रोकना है।
