विद्यार्थियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और शास्त्री जी के जीवन व विचारों को किया याद
आगरा। सेंट पीटर्स स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने दोनों महान नेताओं के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। विद्यार्थियों ने भाषण, देशभक्ति गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गांधी जी के सत्य और अहिंसा के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य फादर कुलकान्त ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दोनों महान नेताओं ने अपने जीवन में सादगी, अनुशासन, सत्य और देशसेवा को सर्वोच्च स्थान दिया। उनके विचार आज भी समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में सत्य, अहिंसा, अनुशासन, स्वच्छता और जिम्मेदारी जैसे मूल्यों को अपनाएं तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति और देशसेवा की भावना का वातावरण देखने को मिला। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया।
