18वें ‘मीट एट आगरा’ का भव्य शुभारंभ, 11 देशों की भागीदारी; चाइना पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र
आगरा, 3 अक्टूबर। फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, मशीनरी, आधुनिक तकनीक और औद्योगिक सहयोग को समर्पित 18वें ‘मीट एट आगरा’ का शनिवार को आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय फेयर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मनोज कुमार सिंह ने कहा कि आगरा का लेदर और फुटवियर उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था, निर्यात और रोजगार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बदलते वैश्विक कारोबारी परिदृश्य में उद्योग को नई तकनीक, गुणवत्ता, डिजाइन, उत्पादकता और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देते हुए अपनी वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत करना होगा।
उन्होंने बताया कि लेदर सेक्टर से जुड़े मुद्दों और चुनौतियों के समाधान के लिए उनके नेतृत्व में एक समिति गठित की गई है। लेदर एवं फुटवियर निर्यातक और उद्यमी अपने सुझाव, नीतिगत विषय तथा व्यावहारिक समस्याएं समिति के समक्ष रख सकते हैं। संबंधित विभागों के समन्वय से समस्याओं के प्रभावी और समयबद्ध समाधान का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने उद्यमियों से अपील की कि वे समस्याओं के साथ उनके व्यावहारिक समाधान और सुझाव भी सामने रखें, जिससे प्रदेश में उत्पादन, निवेश, निर्यात और रोजगार को गति मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार और उद्योग के बीच निरंतर संवाद से ही क्षेत्र की चुनौतियों का प्रभावी समाधान संभव है। उत्तर प्रदेश अब ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ से आगे ‘स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस’ की दिशा में बढ़ रहा है।

नई तकनीक को उद्योग तक पहुंचाना उद्देश्य : गोपाल गुप्ता
एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने मुख्य अतिथि सहित देश-विदेश से आए एग्जिबिटर्स, प्रतिनिधियों और उद्यमियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 18 वर्षों की यात्रा में ‘मीट एट आगरा’ एक प्रदर्शनी से आगे बढ़कर फुटवियर उद्योग के लिए तकनीक, व्यापार और नए अवसरों का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।
उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य आगरा के फुटवियर उद्योग को दुनिया की आधुनिक तकनीक, नए मटीरियल्स और मशीनरी से जोड़ना है, ताकि निर्माता गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाकर वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए खुद को और मजबूत कर सकें।
‘वर्ल्ड कैपिटल ऑफ फुटवियर’ बनने की क्षमता रखता है आगरा : पूरन डावर
डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्री (DCFLI) के चेयरमैन एवं एफमेक कन्वीनर पूरन डावर ने कहा कि आगरा के पास पीढ़ियों का हुनर, मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम, उद्यमशीलता और बाजार से जुड़ाव है। सही तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा और नीतिगत सहयोग से आगरा ‘वर्ल्ड कैपिटल ऑफ फुटवियर’ बन सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा फुटवियर उत्पादक है और करीब तीन अरब जोड़ी का वार्षिक उत्पादन करता है। घरेलू और निर्यात बाजार के लिए गुणवत्ता के अलग-अलग मानक नहीं होने चाहिए, बल्कि ‘बेस्ट ग्लोबल स्टैंडर्ड’ ही उद्योग का प्रमुख मानक होना चाहिए।
डावर ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते नए वैश्विक बाजार खोल रहे हैं, लेकिन इनका लाभ उठाने के लिए उद्योग को स्केल, तकनीक, डिजाइन, उत्पादकता, स्थिरता और अनुपालन के स्तर पर तैयार होना होगा।
उन्होंने रोजगार को विकास का महत्वपूर्ण पैमाना बताते हुए कहा कि फुटवियर उद्योग युवाओं, महिलाओं और कारीगरों को बड़े पैमाने पर रोजगार देने की क्षमता रखता है।
डावर ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ को ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट-वन एजुकेशन’ की दिशा में आगे बढ़ाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योग को कक्षाओं और विद्यार्थियों को फैक्ट्रियों से जोड़ने की जरूरत है। फुटवियर शिक्षा की शुरुआत आगरा से होनी चाहिए।
भारत-चीन सहित 11 देशों की सहभागिता
18वें ‘मीट एट आगरा’ में इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय भागीदारी का विस्तार हुआ है। फेयर में भारत, अर्जेंटीना, फ्रांस, ब्राजील, चीन, जर्मनी, इटली, पुर्तगाल, स्पेन, ताइवान और वियतनाम सहित 11 देशों के प्रतिनिधि और एग्जिबिटर्स शामिल हुए हैं।
फेयर में चाइना पवेलियन प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। विदेशी एग्जिबिटर्स और प्रतिनिधियों की मौजूदगी से फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, मशीनरी और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में वैश्विक कारोबारी संपर्क और तकनीकी आदान-प्रदान को बढ़ावा मिल रहा है।
उत्कृष्ट कार्य के लिए उद्यमियों का सम्मान
उद्घाटन समारोह में फुटवियर एवं कंपोनेंट्स उद्योग में उल्लेखनीय योगदान के लिए एफमेक उत्कृष्टता सम्मान प्रदान किए गए।
फुटवियर क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ महिला उद्यमी सम्मान मीनाक्षी कालसी (मेट्रो एंड मेट्रो) तथा युवा उद्यमी सम्मान तान्या निर्झरा (वीरुपाक्षी शूज) को दिया गया।
कंपोनेंट्स क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ महिला उद्यमी सम्मान श्वेता आर्या (सोलफुल सोल) और सर्वश्रेष्ठ पुरुष उद्यमी सम्मान उज्ज्वल सचदेवा (अलर्ट सोल्स) को मिला।
निर्यात उत्कृष्टता सम्मान गुप्ता एच.सी. ओवरसीज (आई) प्रा. लि., मेट्रो एंड मेट्रो तथा लाइनर शूज प्रा. लि. को प्रदान किया गया। वहीं फुटवियर उद्योग में लंबे समय से उल्लेखनीय योगदान के लिए वीरेंद्र कुमार महाजन (वेस्टन रबर) को लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान से सम्मानित किया गया।
उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
उद्घाटन समारोह में एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा, उपाध्यक्ष राजीव वासन व राजेश सहगल, फेयर कमेटी चेयरमैन माला खेड़ा, एफडीडीआई के एमडी विवेक शर्मा, इफ्कोमा अध्यक्ष संजय गुप्ता, एफमेक कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, सीफी के प्रदेश अध्यक्ष ओपिंदर सिंह ‘लवली’, शू फैक्टर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा, प्रदेश महासचिव नकुल मनचंदा, टोनी मखीजा, ललित अरोरा, सुनील मनचंदा और जसविंदर सिंह खेड़ा सहित उद्योग जगत के अनेक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस (फियो) के उत्तर प्रदेश प्रमुख आलोक श्रीवास्तव ने किया। एफमेक महासचिव प्रदीप वासन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
पहले दिन पहुंचे 4,211 विजिटर्स
फेयर के पहले दिन उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। कुल 4,211 विजिटर्स ने फेयर का दौरा किया। इनमें 1,938 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स तथा उद्योग और तकनीक को समझने पहुंचे 437 विद्यार्थी एवं भावी उद्यमी शामिल रहे।
तीन दिवसीय 18वां ‘मीट एट आगरा’ 5 अक्टूबर तक आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में जारी रहेगा। फेयर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा।
Times of Taj का उद्देश्य महत्वपूर्ण समाचारों को तथ्यात्मक, जिम्मेदार और संतुलित तरीके से पाठकों तक पहुंचाना है।
