देवरी रोड का नाम ‘मान्यवर कांशीराम मार्ग’ किए जाने की उठी मांग
आगरा। जाटव समाज उत्थान समिति के तत्वावधान में बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम जी की 20वीं पुण्यतिथि पर बाबू जगजीवन राम पुस्तकालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित लोगों ने मान्यवर कांशीराम जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और बहुजन समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक देवकीनन्दन सोन ने कहा कि मान्यवर कांशीराम जी गरीबों, वंचितों और बहुजनों के सच्चे हमदर्द थे। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और बाबू जगजीवन राम के साथ उन्हें दलित समाज के हितों की रक्षा और सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित महापुरुषों में शामिल बताया।
देवकीनन्दन सोन ने मांग की कि मधुनगर चौराहे से शुरू होने वाले देवरी रोड का नाम बदलकर ‘मान्यवर कांशीराम मार्ग’ रखा जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष, विचारों और सामाजिक योगदान से प्रेरणा ले सकें।
श्रद्धांजलि सभा में महेंद्र सिंह (बीएसएनएल), विनोद आनंद, रूपसिंह सोनी, सत्यप्रकाश, राजेंद्र जयंत, सूरजभान भाटिया, परमजीत सिंह, राजेंद्र भारती, बच्चू सिंह कैथ, निरंजन सिंह और चौधरी मानसिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर मान्यवर कांशीराम जी को याद किया और उन्हें बहुजन समाज का सच्चा हमदर्द बताया।
