भांगड़ा, गिद्दा, ढोल की थाप और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सजेगी सरगी मेले की शाम, महिलाओं के लिए होंगे आकर्षक स्टॉल और प्रतियोगिताएं
आगरा। पंजाबी विरासत के तत्वावधान में 25 अक्टूबर, रविवार को श्री राम मंदिर पार्क, जयपुर हाउस, आगरा में सरगी मेले का आयोजन किया जाएगा। पांच वर्ष पूर्व शुरू हुए इस मेले का उद्देश्य पंजाबी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। इस आयोजन में पंजाबी, सिख, खत्री, भावलपुरी और मुल्तानी समाज के लोग एक मंच पर एकत्रित होंगे।
सरगी मेले में पंजाब के रंग, संस्कृति, संगीत और खुशियों की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। आयोजकों के अनुसार, मेले का माहौल ऐसा होगा कि आगरा में रहते हुए भी लोगों को पंजाब की धरती पर होने का एहसास होगा। दिलावर ग्रुप की ओर से भांगड़ा, ढोल और शानदार संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे पूरा परिसर पंजाबी रंग में रंगा नजर आएगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनेंगी आकर्षण
मेले में संत रामकृष्ण स्कूल, श्री रवि चावला के सहयोग से तथा रवि नारंग के होली लाइट स्कूल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम में पंजाबी संगीत, गिद्दा और ढोल की थाप के साथ बच्चों की प्रतिभा देखने को मिलेगी।
करवा चौथ की परंपरा से जुड़ा है सरगी मेला
सरगी का करवा चौथ से विशेष संबंध है। इस परंपरा में सास सूर्योदय से पहले अपनी बहू को सरगी देती है, जिसे ग्रहण करने के बाद बहू करवा चौथ का व्रत रखती है। सरगी मेला इसी पारंपरिक भावना, पारिवारिक रिश्तों और पंजाबी संस्कृति को उत्सव के रूप में मनाने का अवसर प्रदान करता है।
महिलाओं के लिए खरीदारी और प्रतियोगिताएं
मेले में महिलाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें खाने-पीने की वस्तुओं, परिधानों, आभूषणों और सजावट से संबंधित सामान उपलब्ध रहेगा।
इसके साथ ही आर्टिफिशियल फ्लावर ज्वैलरी, म्यूजिकल चेयर, थाल सज्जा और बिना आग के खाना बनाने (कुकिंग विदाउट फायर) जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा तथा सरगी क्वीन प्रतियोगिता की विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
आयोजन को सफल बनाने में जुटी टीम
कार्यक्रम की कन्वीनर श्रीमती रानी सिंह हैं, जबकि श्रीमती मधु पुरी बघेल मेले की मेंटर हैं। श्रीमती प्रीति उपाध्याय मेले की कोऑर्डिनेटर और श्रीमती कुसुम महाजन महासचिव की जिम्मेदारी निभा रही हैं।
इसके अलावा सुनंदा अरोड़ा, मोनिका सचदेवा, सुनीता मेहता, अंजना असीजा और नीलम महाजन सहित पार्षद रेणु गुप्ता आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
पंजाबी विरासत के अध्यक्ष पूरन डावर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल वर्मा, एडवोकेट, जनरल सेक्रेटरी बंटी ग्रोवर, कोषाध्यक्ष नवीन अरोड़ा और मनु महाजन भी कार्यक्रम की तैयारियों में योगदान दे रहे हैं।
आयोजकों का कहना है कि सरगी मेले को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। यह आयोजन पंजाबी संस्कृति, महिला सशक्तीकरण, पारिवारिक परंपराओं और सामाजिक मेल-मिलाप का उत्सव बनेगा।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
