मिशन शक्ति अभियान के तहत आगरा पुलिस की तत्परता से बच्ची को मिला परिवार का साथ
आगरा। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल घूमने आई मध्य प्रदेश की 6 वर्षीय बच्ची हुदा अपने परिजनों से बिछड़ गई। ताज सुरक्षा पुलिस और CISF के संयुक्त प्रयास से बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के बरखेड़ी, भोपाल निवासी मोहम्मद कलीम अपनी बेटी हुदा के साथ ताजमहल देखने आए थे। शनिवार सुबह करीब 10 बजे ताजमहल देखने के बाद बच्ची अपने परिजनों से बिछड़कर पूर्वी गेट से बाहर निकल गई। वह सड़क पर रोती हुई घूम रही थी।
सूचना मिलते ही ताज सुरक्षा प्रभारी निरीक्षक तिलक राम भाटी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्ची को पाठक प्रेस बैरियर पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की मदद से सुरक्षित स्थान पर बैठाया और परिजनों की तलाश शुरू कराई।

बच्ची अपने पिता का मोबाइल नंबर नहीं बता पा रही थी, जिससे परिवार को खोजने में कठिनाई हुई। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले, रेडियो अनाउंसमेंट कराया और सभी सुरक्षा बिंदुओं को अलर्ट किया। विभिन्न ग्रुपों में भी बच्ची के बिछड़ने की सूचना प्रसारित की गई।
इसी दौरान CISF निरीक्षक दीपेंद्र सिंह भदौरिया को रॉयल गेट पर बच्ची के पिता मोहम्मद कलीम अपनी बेटी को तलाशते हुए मिले। सूचना मिलते ही उन्होंने पिता को पूर्वी गेट पहुंचाया, जहां ताज सुरक्षा पुलिस ने बच्ची को उनके सुपुर्द कर दिया।
अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजन बेहद खुश हुए और उन्होंने आगरा पुलिस तथा CISF की तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस एवं CISF की संयुक्त टीम में शामिल रहे:
- प्रभारी निरीक्षक तिलक राम भाटी
- निरीक्षक CISF दीपेंद्र सिंह भदौरिया
- उपनिरीक्षक शिवराज सिंह
- उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार
- मुख्य आरक्षी राकेश कुमार
- आरक्षी शिवम कुमार
- महिला आरक्षी अंजली यादव
इस सराहनीय कार्रवाई ने एक बार फिर पर्यटकों की सुरक्षा और सहायता के प्रति आगरा पुलिस एवं CISF की सतर्कता को प्रदर्शित किया।
#AgraPolice #TajMahal #MissionShakti #CISF #AgraNews #ChildSafety #TajSecurity #TimesOfTaj
TIMES OF TAJ | आगरा
डिस्क्लेमर: यह समाचार पुलिस से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है।
