महिला मोर्चा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और महिला कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान
आगरा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, ब्रज क्षेत्र की समन्वय बैठक रविवार, 1 नवंबर 2026 को जयपुर हाउस स्थित महाजन भवन में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. मेधा कुलकर्णी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सरोज कुशवाहा और महिला मोर्चा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष श्रीमती चंद्रेश गुप्ता शामिल रहीं।

इसके अलावा कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती निर्मला दीक्षित, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, आगरा की महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाहा, प्रदेश उपाध्यक्ष अपराजिता, निधि चतुर्वेदी, मैनपुरी की चेयरमैन संगीता, मैनपुरी जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना तथा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री रश्मि धाकड़ सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मंचासीन रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों का स्वागत आगरा जिला अध्यक्ष श्रीमती मनीषा सिंह एवं महानगर अध्यक्ष श्रीमती अपूर्वा सिंह ने किया।
बूथ स्तर तक मातृशक्ति को जोड़ने पर जोर
जिला अध्यक्ष श्रीमती मनीषा सिंह ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समन्वय बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला एवं मंडल स्तर की महिला कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना है।
मुख्य अतिथि डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिला मोर्चा संगठन की रीढ़ है। मातृशक्ति को बूथ स्तर तक जोड़कर वर्ष 2027 के लिए संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है।
प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सरोज कुशवाहा ने कहा कि ब्रज क्षेत्र की बहनों ने हमेशा संगठन को मजबूती प्रदान की है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम, उज्ज्वला योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष श्रीमती चंद्रेश गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की रही भागीदारी
बैठक में भाजपा की वरिष्ठ कार्यकर्ता उपमा गुप्ता, रंजन पवार, सुनीता सारस्वत, हेमलता अग्रवाल, प्रवीण राजावत, पंकजा शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता की।
आगरा जिले से प्रतिमा राणा, भावना वरदान शर्मा, आशा अग्रवाल, अनुपम चौहान, सरिता गुप्ता और पूजा शर्मा अपनी टीम के साथ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के समापन पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा वर्ष 2027 में पुनः भाजपा की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
