बाजारों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, व्यापारियों व आमजन से किया संवाद; पटाखा दुकानों की चेकिंग और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
कासगंज, । आगामी पंच महापर्व के मद्देनजर कासगंज पुलिस ने जनपद में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह ने क्षेत्राधिकारी सहावर के साथ थाना सहावर और थाना अमांपुर क्षेत्रों में पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च किया।
इस दौरान एसपी ने प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों, राहगीरों और आम नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी जाने।
त्योहारों पर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पंच महापर्व की शुरुआत धनतेरस से होकर दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के बाद कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व तक चलती है। इस दौरान जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार फुट पेट्रोलिंग की जा रही है।
उन्होंने लोगों से सभी त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पटाखा दुकानों की सघन चेकिंग के निर्देश
बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए अस्थायी पटाखा दुकानों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पटाखा दुकानों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन कराया जाए। दुकानों पर पानी और बालू की व्यवस्था तथा उचित दूरी के नियमों का विशेष ध्यान रखा जाए।
सोशल मीडिया से चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
कासगंज पुलिस सोशल मीडिया, डिजिटल वॉलिंटियर्स, पुलिस मित्रों और चौकीदारों के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चला रही है। लोगों को आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने, अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर
एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पैदल गश्त, प्रभावी चेकिंग और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर जोर दिया।
इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने, बाजारों में जाम की स्थिति रोकने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।
कासगंज पुलिस की जनता से अपील
कासगंज पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि आतिशबाजी के दौरान बच्चों को अकेला न छोड़ें और उन्हें बड़ों की निगरानी में ही पटाखे चलाने दें। किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें तथा संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस अधीक्षक ने भरोसा दिलाया कि पंच महापर्व के दौरान जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
TIMES OF TAJ
डिस्क्लेमर: यह समाचार कासगंज पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई जानकारी पर आधारित है।
