बदायूं के गुरगांव में 45 वर्षीय अवधेश की निर्मम हत्या, पड़ोसियों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप; अपहरण के मुकदमे की रंजिश को बताया जा रहा हत्या की वजह
बदायूं। बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव गुरगांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। यहां 45 वर्षीय अवधेश की कुल्हाड़ी और फावड़े से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, अवधेश अपने खाली प्लॉट में झाड़ू लगा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी मुनेन्द्र और उसके साथियों पर उन पर कुल्हाड़ी और फावड़े से हमला करने का आरोप है। हमले में गंभीर रूप से घायल अवधेश की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश है। कुछ समय पहले मुनेन्द्र की बेटी को अवधेश के छोटे भाई के बेटे अमन द्वारा भगाकर ले जाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में मुनेन्द्र ने 8 दिसंबर 2025 को अमन के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। 4 नवंबर 2026 को पुलिस ने युवती को बरामद किया था। आरोप है कि इसी मुकदमे और पुरानी रंजिश के चलते अवधेश की हत्या को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मूसाझाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गांव में शांति व्यवस्था सामान्य है। वहीं, इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
