लखनऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बस में 53 यात्री सवार थे, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। दुर्घटना में कई यात्रियों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है।
एसडीआरएफ और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल ने शीशे तोड़कर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जेसीबी की मदद से बस के आसपास से मलबा हटाया जा रहा है, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।
32 घायलों को KGMU ट्रॉमा सेंटर भेजा गया
घटनास्थल पर कई एंबुलेंस तैनात की गई हैं। अब तक 32 यात्रियों को लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत अभियान जारी है।
राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के सिवान जा रही थी बस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के सिवान जा रही थी। हादसा लखनऊ में पारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर हुआ।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। दुर्घटना में जनहानि की आशंका के संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। प्रशासन और बचाव दल की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं।
TIMES OF TAJ डिस्क्लेमर: यह समाचार प्रारंभिक सूचनाओं पर आधारित है। आधिकारिक पुष्टि और प्रशासनिक जानकारी के अनुसार खबर में आवश्यक अपडेट किया जाएगा।
