सूफी खानकाह एसोसिएशन ने दिया कौमी एकता और हिंदू-मुस्लिम भाईचारे का पैगाम
जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन शहर में हजरत सुख-चैन शाह मलंग रहमतुल्लाह अलैह का उर्स मुबारक अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। इस मौके पर सैकड़ों की तादाद में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शिरकत कर कौमी एकता और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की। उर्स के अवसर पर मुल्क में अमन-ओ-अमान, तरक्की और खुशहाली के लिए खास दुआएं मांगी गईं।
इस मौके पर पीर-ए-तरीकत सूफी शाह सैय्यद अब्दुल रज्जाक बाबा मलंग मदारी, सदर चौक आशिकान मकनपुर शरीफ की अध्यक्षता में एक जलसे का आयोजन किया गया।
जलसे को खिताब करते हुए सूफी खानकाह एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सूफी शाह सैय्यद जियारत अली मलंग हक्कानी मदारी, सज्जादानशीन खानकाह-ए-आलिया सामानिया इनायतिया मुबारकिया आशिकान मदारिया, बारा शरीफ, अकबरपुर, कानपुर देहात ने कहा कि देश की तरक्की और खुशहाली के लिए हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाना बेहद जरूरी है। सूफी संतों की शिक्षाएं इंसानियत, मोहब्बत, अमन और आपसी सद्भाव का संदेश देती हैं। इन्हीं शिक्षाओं को अपनाकर समाज में नफरत के बजाय मोहब्बत का माहौल कायम किया जा सकता है।
कार्यक्रम में सूफी शाह शौहरत अली मलंग मासूमी दिलदारी मदारी, गद्दीनशीन करैरा, शिवपुरी (मध्य प्रदेश), हजरत अल्लामा मौलाना हाफिज व कारी सैय्यद इरशाद हक्कानी मदारी, रनियां, जनाब माजिद अली मासूमी मदारी, आगरा तथा सूफी शानू बाबा मासूमी मदारी, फिरोजाबाद सहित अनेक सूफी सज्जादानशीन, उलेमा और अकीदतमंद मौजूद रहे।
उर्स के जरिए वक्ताओं ने आपसी मोहब्बत, इंसानियत, सांप्रदायिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।
