युवा पीढ़ी को आगरा की आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराएगी पुस्तक
आगरा। आगरा केवल ताजमहल ही नहीं, बल्कि प्राचीन मंदिरों और धार्मिक विरासत के लिए भी अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। इसी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से साहित्यसेवी आदर्श नंदन गुप्ता द्वारा लिखित पुस्तक ‘आगरा के मंदिर’ मंगलवार को बाबा बल्केश्वर महादेव को समर्पित की गई।
बल्केश्वर स्थित मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संतों, महंतों और गणमान्य लोगों ने पुस्तक की सराहना करते हुए इसे आगरा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
पुस्तक के मार्गदर्शक वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति डॉ. विजय किशोर बंसल ने अपने आलेख में आगरा के आध्यात्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के मंदिरों की जानकारी युवा पीढ़ी तक पहुंचना आवश्यक है।
कार्यक्रम में विख्यात मानस मर्मज्ञ संत अरविंद जी महाराज ने कहा कि आगरा के मंदिरों पर आधारित यह पुस्तक शोधपरक है। गहन अध्ययन के बाद तैयार की गई इस पुस्तक में मंदिरों की प्रमाणिक जानकारी देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आध्यात्मिक साहित्य की आवश्यकता और भी बढ़ गई है। सोशल मीडिया के माध्यम से मंदिरों का प्रचार तो हो सकता है, लेकिन प्रमाणिक जानकारी पुस्तकों के माध्यम से ही लंबे समय तक सुरक्षित रहती है।
बल्केश्वर मंदिर के महंत सुनीलकांत नागर ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी आध्यात्म से दूर होती जा रही है। इसका एक कारण आध्यात्मिक विरासत और उसके वास्तविक महत्व की जानकारी का अभाव है। यह पुस्तक युवाओं को आगरा के धार्मिक इतिहास से परिचित कराने में सहायक होगी।
मंदिर के महंत कपिल नागर ने लेखक आदर्श नंदन गुप्ता के पूर्व प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बल्केश्वर महादेव मंदिर पर भी एक प्रमाणिक पुस्तक लिखी थी, जिसे काफी सराहना मिली।
प्रेमनिधि मंदिर के सेवाधिकारी हरिमोहन गोस्वामी ने कहा कि आगरा का श्रीकृष्ण से विशेष संबंध है। इसी कारण पुस्तक में श्रीकृष्ण मंदिरों का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंदिरों पर आधारित यह पुस्तक आगरा की धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होगी।
सेंट एंड्रयूज स्कूल के सीएमडी डॉ. गिरधर शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
पुस्तक के लेखक आदर्श नंदन गुप्ता ने बताया कि लगभग 100 पृष्ठों की इस रंगीन पुस्तक में आगरा के प्रमुख मंदिरों की जानकारी संकलित की गई है। इसमें कुछ मंदिरों के केवल चित्र प्रकाशित किए गए हैं, जबकि अन्य मंदिरों की सूची भी शामिल की गई है। उन्होंने बताया कि पुस्तक तैयार करने में वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. विजय किशोर बंसल का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
पुस्तक के शुद्धिकरण एवं प्रकाशन संबंधी कार्यों में इतिहासकार राजकिशोर राजे, सेवा प्रसून के पूर्व संपादक अवधेश उपाध्याय, चंद्रशेखर गुप्ता (गाजियाबाद), साहित्यसेवी संजय गुप्ता, शरद गुप्ता, शीतल सिंह माया और भोलानाथ अग्रवाल का सहयोग रहा।
कार्यक्रम में बल्केश्वर महादेव मंदिर के सेवक अर्चित पांड्या ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।
