आगरा। लायंस क्लब आकाश द्वारा मासिक गौ सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत फाउंड्री नगर स्थित राधा कृष्ण गौशाला में रविवार को सेवा कार्य आयोजित किया गया। क्लब के पदाधिकारी और सदस्य सेवा भाव से गौशाला पहुंचे और गौवंशों के लिए आवश्यक आहार सामग्री उपलब्ध कराई।
क्लब कॉर्डिनेटर मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि सेवा कार्यक्रम के दौरान 250 से अधिक गौवंशों के लिए 50 बोरी भूसा एवं पाँच कुंतल गाजर प्रदान की गईं। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब आकाश न केवल सामाजिक सरोकारों में अग्रणी है, बल्कि गौ सेवा को भी अपनी नियमित गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा मानता है।
अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय ने बताया कि गौशाला में नियमित सेवा के माध्यम से क्लब का उद्देश्य गौवंशों के संरक्षण और पोषण में योगदान देना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी क्लब इसी प्रकार सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।
इस अवसर पर रीजन चेयरपर्सन संजय गुप्ता, जोन चेयरपर्सन संजीव गुप्ता, पवन पैंगोरिया, नितिन अग्रवाल, मुकेश गोयल, पीके मोदी, सीपी सिंघल आदि उपस्थित रहे।

