जाटव समाज उत्थान समिति ने समारोह आयोजित कर किया सम्मानित, वक्ताओं ने डॉ. मानिक चंद के सामाजिक योगदान को किया याद
आगरा। दलित चेतना और सामाजिक स्वाभिमान के प्रेरणास्रोत पूर्व राय बहादुर दादा साहेब डॉ. मानिक चंद ‘जाटव वीर’ की 129वीं जयंती के अवसर पर जाटव समाज उत्थान समिति के तत्वावधान में बाबू जगजीवन राम पार्क में भव्य समारोह आयोजित किया गया। पूर्व मंत्री एवं समाज रत्न गंगा प्रसाद पुष्कर की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में डॉ. मानिक चंद के सामाजिक योगदान और समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्यों को याद किया गया।
इस अवसर पर आगरा के वरिष्ठ समाजसेवी बंगाली बाबू सोनी को समाज के प्रति उनके योगदान के लिए ‘जाटव वीर पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। उन्हें पगड़ी एवं शाल पहनाकर तथा सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष गंगा प्रसाद पुष्कर ने कहा कि डॉ. मानिक चंद ने अपमानजनक जातिगत संबोधन के स्थान पर ‘जाटव’ नाम को पहचान और गौरव प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आज भी सामाजिक सम्मान और अधिकारों की लड़ाई में आगरा का जाटव समाज अग्रणी भूमिका निभा रहा है। देशभर के दलित समाज के लोग आगरा से प्रेरणा लेते हैं और इसे दलित चेतना की राजधानी के रूप में भी पहचानते हैं।
समिति के संरक्षक देवकीनंदन सोन ने कहा कि यह बेहद चिंतनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है कि वर्ष 1952 में राजस्थान की भरतपुर संसदीय सीट से प्रथम लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए डॉ. मानिक चंद जैसी महान विभूति के नाम पर आज तक किसी प्रमुख मार्ग का नामकरण नहीं किया गया है। उन्होंने मांग की कि उनके योगदान को देखते हुए किसी प्रमुख मार्ग का नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन विनोद आनंद ने किया। समारोह में देवेंद्र कुमार चिल्लू, महेंद्र सिंह, इंजीनियर मानिक चंद, सेवती प्रसाद निम, बच्चू सिंह कैथ, सत्य प्रकाश, अमर सिंह, चौधरी मानसिंह, सूरजभान भाटिया, प्रमोद कुमार, दरबारी लाल जयंत, रूप सिंह सोनी, परमजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने डॉ. मानिक चंद ‘जाटव वीर’ को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
समारोह में वक्ताओं ने डॉ. मानिक चंद के विचारों और सामाजिक संघर्षों को आगे बढ़ाने तथा नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराने का संकल्प व्यक्त किया।
