राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर मौलाना आज़ाद मेमोरियल एकेडमी की संगोष्ठी में शिक्षा, तकनीक, भाईचारे और साझा संस्कृति पर हुआ मंथन
लखनऊ,। भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की 138वीं जयंती एवं राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर मौलाना आज़ाद मेमोरियल एकेडमी की ओर से ‘सद्भावना में संभावना : सौहार्द में नए अवसर’ विषय पर विचारोत्तेजक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक हस्तियों ने मौलाना आज़ाद के शैक्षिक, बौद्धिक, राजनीतिक एवं राष्ट्रीय योगदान को याद करते हुए वर्तमान दौर में उनके विचारों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राष्ट्रीय एकीकरण विभाग के सचिव आईएएस हीरालाल ने कहा कि मौलाना आज़ाद की शिक्षाएं आज भी राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि समाज में सद्भावना और आपसी मेल-जोल की बुनियाद को मजबूत करने की आवश्यकता है। इसके लिए घरों और सामाजिक जीवन में प्रेम, सहिष्णुता तथा एकता का वातावरण विकसित करना होगा।
उन्होंने शिक्षा के बदलते स्वरूप पर चर्चा करते हुए कहा कि आज शिक्षा का मूल्यांकन केवल उच्च डिग्रियों से नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल और कार्यक्षमता से भी किया जा रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक के विस्तार से रोजगार के क्षेत्र में बड़े बदलाव आने वाले हैं। ऐसे में युवाओं और शिक्षाविदों को समय के साथ बदलती तकनीकी चुनौतियों के प्रति गंभीर और सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि मौलाना आज़ाद को केवल याद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन और व्यवहार में अपनाना भी जरूरी है।

प्रोफेसर जमशेद क़मर ने मौलाना आज़ाद के व्यक्तित्व, विचारों और बौद्धिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी लेखनी में राष्ट्रीय एकता, धार्मिक सहिष्णुता और साझा संस्कृति के समर्थन में दिए गए ऐतिहासिक प्रमाण और तर्क आज भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मौलाना आज़ाद की सद्भावना की अवधारणा को भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला के रूप में समझने की जरूरत है।
कर्नल लक्ष्मीकांत तिवारी ने कहा कि देश को आज मौलाना आज़ाद के दूरदर्शी विचारों और आदर्शों की पहले से कहीं अधिक आवश्यकता है। राष्ट्रीय एकता ही सशक्त और विकसित भारत की पहली शर्त है। हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

प्रोफेसर रेनू पांडे ने इतिहास, शिक्षा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास में मौलाना आज़ाद के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और मानवीय जिम्मेदारियों से जोड़ना भी जरूरी है। शिक्षा का उद्देश्य केवल जानकारी और डिग्रियां हासिल करना नहीं, बल्कि जागरूक, जिम्मेदार और चरित्रवान समाज का निर्माण करना होना चाहिए।
पूर्व जिला जज बी.डी. नक़वी ने अपने विशिष्ट काव्यात्मक अंदाज में शिक्षा, एकता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विभिन्न शहरों और क्षेत्रों में लगातार होने चाहिए, ताकि समाज में नफरत और भेदभाव के स्थान पर प्रेम, सहिष्णुता और पारस्परिक सम्मान को बढ़ावा मिल सके।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सामाजिक सद्भाव, वैज्ञानिक एवं तकनीकी विकास और नैतिक शिक्षा एक-दूसरे के पूरक हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच मानवीय मूल्यों, विवेक और सामाजिक जिम्मेदारियों को बनाए रखना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सहित शहर की प्रतिष्ठित शैक्षिक, साहित्यिक और सामाजिक हस्तियों को उनके योगदान के लिए स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक हस्तियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन अब्दुल कुद्दूस हाशमी ने किया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ संगोष्ठी का समापन हुआ।
