भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक पर्व पर घरों में दिखी रौनक, बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की
शोएब कादरी, एटा। एटा जनपद के मारहरा कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का पावन पर्व बुधवार को हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर रोली और अक्षत का तिलक लगाकर आरती उतारी तथा उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की।

भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार भेंटकर उनके प्रति प्रेम और सम्मान प्रकट किया तथा हर परिस्थिति में उनकी रक्षा और सहयोग का संकल्प लिया। सुबह से ही घरों में त्योहार की रौनक दिखाई दी। बहनों के घर पहुंचने वाले भाइयों का मिठाइयों से स्वागत किया गया। परिवारों में आपसी मेल-मिलाप और खुशियां बांटने का सिलसिला दिनभर जारी रहा।
भाई दूज के अवसर पर बाजारों में भी चहल-पहल देखने को मिली। मिठाइयों और उपहारों की दुकानों पर लोगों की आवाजाही बनी रही। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
भाई दूज का यह पावन पर्व भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास, समर्पण और अपनत्व को और मजबूत बनाने का संदेश देता है। इस पर्व ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों की मिठास और भारतीय संस्कृति की खूबसूरती को जीवंत कर दिया।
