रंगोली और समूह नृत्य में द्वितीय, वाद-विवाद प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया; संस्थान के निदेशक एवं शिक्षकों ने दी बधाई
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के पालीवाल पार्क परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय संस्थान के बीए के छात्र अतुल ने राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के राष्ट्रीय एकता शिविर (National Integration Camp – NIC) में शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और संस्थान का नाम रोशन किया है।
शिविर के अंतर्गत आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं में अतुल ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए रंगोली प्रतियोगिता और समूह नृत्य में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, वाद-विवाद प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल कर अपनी उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ दी।
अतुल की इस सफलता से संस्थान में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि पर संस्थान के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिंह एवं समस्त शिक्षकगण ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर संस्थान की ओर से अतुल की मेहनत, लगन और प्रतिभा की सराहना की गई। यह उपलब्धि न केवल छात्र की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, सांस्कृतिक सहभागिता और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित होने का भी परिचायक है।
