15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण की थी वार्षिक भंडारे में प्रसादी, विनोद तावड़े ने पत्र लिखकर भेजीं शुभकामनाएं
आगरा। श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर में विगत 16 नवंबर, सोमवार को आयोजित बाबा के वार्षिक भंडारे में 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। व्यस्तताओं के चलते भंडारे में सम्मिलित नहीं हो सके भाजपा उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी अनंत ओझा बुधवार को बाबा के दर्शन करने मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन के बाद प्रसादी ग्रहण की।
इस अवसर पर श्री महंत योगेश पुरी एवं मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। साथ में माधवी अग्रवाल भी उपस्थित रहीं। श्री महंत योगेश पुरी ने उन्हें मंदिर का भ्रमण कराते हुए धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं की जानकारी दी। मंदिर परिसर स्थित वेदांत मंदिर में विराजित भगवान वेद के दर्शन भी कराए। मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने विधिवत पूजन संपन्न कराया।
वहीं, भाजपा उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने पत्र लिखकर बाबा के वार्षिक भंडारे के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
