मस्जिद नहर वाली में जुमा के खुतबे में सामाजिक संवेदनहीनता, अकेलेपन और कमजोर होते रिश्तों पर जताई चिंता; बुजुर्गों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों की खैरियत पूछने की अपील
आगरा। मस्जिद नहर वाली के खतीब मुहम्मद इकबाल ने जुमा की नमाज से पहले खुतबे में अलजजीरा की एक दर्दनाक रिपोर्ट का हवाला देते हुए समाज में बढ़ती सामाजिक संवेदनहीनता, अकेलेपन और कमजोर होते मानवीय रिश्तों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिस कौम में दूसरों की फिक्र खत्म हो जाती है, अल्लाह उस कौम से अपनी मदद भी उठा लेता है, क्योंकि अल्लाह की मदद उन्हीं लोगों को मिलती है जो उसके बंदों की मदद करते हैं।
खतीब मोहम्मद इकबाल ने अपने खुतबे में बताया कि अलजजीरा की एक रिपोर्ट के मुताबिक 72 वर्षीय महिला डॉक्टर अपने फ्लैट में मृत अवस्था में मिलीं। पति के इंतकाल के बाद वह अकेले जिंदगी गुजार रही थीं। फ्लैट का किराया नहीं मिलने पर जब मकान मालिक वहां पहुंचा और फ्लैट खोलकर देखा तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। जांच के बाद पता चला कि महिला की मौत करीब तीन साल पहले हो चुकी थी और उनका शव केवल कंकाल के रूप में मौजूद था।
उन्होंने कहा कि यह घटना केवल एक महिला की मौत का मामला नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक बड़ा सवाल और आत्मचिंतन का विषय है। आज के तेज रफ्तार दौर ने इंसानों के बीच आपसी संपर्क और रिश्तों को कमजोर कर दिया है। हर व्यक्ति अपनी जिंदगी, अपने काम और अपनी व्यस्तताओं में इतना मशगूल है कि उसे दूसरों का हाल जानने की फुर्सत ही नहीं है। किसी को इस बात की चिंता नहीं कि उसका कोई रिश्तेदार, दोस्त, पड़ोसी या परिचित किस हाल में जिंदगी गुजार रहा है। लोग अपने करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों की खैरियत पूछने तक का समय नहीं निकाल पा रहे हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि पहले भी एक दिन में 24 घंटे होते थे और आज भी 24 घंटे ही हैं, फिर आखिर आज हमारे पास समय की कमी क्यों हो गई है? हमें गंभीरता से विचार करना चाहिए कि हमारी प्राथमिकताएं क्या हैं और हम अपने सामाजिक एवं नैतिक दायित्वों से कितने दूर होते जा रहे हैं।
मोहम्मद इकबाल ने कहा कि याद रखिए, जिस कौम में दूसरों की फिक्र खत्म हो जाती है, अल्लाह उस कौम से अपनी मदद उठा लेता है, क्योंकि अल्लाह की मदद उसी को मिलती है जो अल्लाह के बंदों की मदद करता है। अफसोस की बात है कि आज हम सभी अपनी जिंदगी और अपने मामलों में इतने व्यस्त हैं कि दूसरों के लिए हमारे पास समय ही नहीं बचा है। यहां तक कि हमने दुआ जैसी महान इबादत को भी खुद तक सीमित कर लिया है।
उन्होंने कहा कि एक समय था जब लोग दुआ करते थे कि ऐ अल्लाह! सभी की परेशानियां दूर कर दे, सभी के बच्चों को कामयाबी अता फरमा और सभी के घरों को आबाद रख। लेकिन आज हमारी दुआओं और सोच में भी बदलाव आता जा रहा है। जरूरत इस बात की है कि हम सभी अपना आत्ममंथन करें और खुद से सवाल करें कि हम नैतिक, सामाजिक और धार्मिक रूप से कहां खड़े हैं?
समाज की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि हम जनाजे में तो एक-दूसरे के साथ चलते हैं, लेकिन जिंदगी में एक-दूसरे का साथ नहीं देते। मस्जिद में एक ही सफ में खड़े होते हैं, लेकिन हमारे दिलों में एक-दूसरे के लिए मोहब्बत के बजाय विरोध और दूरियां पैदा हो चुकी हैं। यह रवैया हमारी धार्मिक और सामाजिक शिक्षाओं के विपरीत है।
खतीब मोहम्मद इकबाल ने पवित्र कुरआन की शिक्षाओं का हवाला देते हुए सूरह हश्र की आयत संख्या 9 का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस आयत में उन लोगों की प्रशंसा की गई है जो स्वयं जरूरतमंद होने के बावजूद दूसरों को अपने ऊपर प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि यही त्याग, कुर्बानी और इंसानियत का जज्बा है, जिसे हमें अपनी व्यावहारिक जिंदगी का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से उन लोगों की देखभाल करने की अपील की जो अकेले जीवन गुजार रहे हैं, जिनके बच्चे या करीबी रिश्तेदार उनके साथ नहीं रहते अथवा जो किसी कारणवश समाज से कटकर जिंदगी जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने आसपास रहने वाले बुजुर्गों, बीमारों, जरूरतमंदों और अकेले रहने वाले लोगों का हाल जरूर पूछना चाहिए। कहीं ऐसा न हो कि हमें भी किसी अकेले इंसान की मौत की खबर तब मिले, जब वह किसी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट बन चुकी हो।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि रोजाना कम से कम एक फोन अपने किसी परिचित या रिश्तेदार को जरूर करें। कभी समय निकालकर उनसे मुलाकात करें, रिश्तेदारों के साथ रिश्तेदारी निभाएं, पड़ोसियों का हाल पूछें और जो लोग किसी कारणवश नाराज हैं, उनसे दोबारा संपर्क स्थापित करने की कोशिश करें। उन्होंने कहा कि दूसरों से बेखबर रहना और उनसे पूरी तरह दूरी बना लेना इंसान को गलत रास्ते की ओर ले जा सकता है, इसलिए इस रवैये से बचना जरूरी है।
उन्होंने आगे कहा कि जिस दिल में दूसरों की फिक्र और एहसास बाकी नहीं रहता, उस दिल में ईमान की मजबूती भी कमजोर होने लगती है। पवित्र कुरआन हमें माता-पिता, रिश्तेदारों, अनाथों और जरूरतमंदों के साथ अच्छा व्यवहार करने की शिक्षा देता है। सूरह बकरा की आयत संख्या 83 में भी माता-पिता, रिश्तेदारों, अनाथों और गरीबों के साथ अच्छे व्यवहार की ताकीद की गई है।
अपने खुतबे के समापन पर खतीब मोहम्मद इकबाल ने कहा कि रिश्तों को तोड़ना और अपनों से बेपरवाह हो जाना अल्लाह के आदेशों से दूरी का कारण बनता है। हमें अपने व्यवहार में बदलाव लाकर प्रेम, हमदर्दी, त्याग, रिश्तेदारी निभाने और इंसानियत के जज्बे को बढ़ावा देना होगा। समाज की वास्तविक खूबसूरती तभी कायम रह सकती है, जब हम एक-दूसरे के दुख-दर्द में शामिल हों और जरूरत के समय एक-दूसरे का सहारा बनें।
अंत में उन्होंने दुआ की कि अल्लाह तआला हम सभी को सही समझ, नेक अमल और दूसरों के अधिकारों को पूरा करने की तौफीक अता फरमाए। हमारे दिलों में एक-दूसरे के लिए मोहब्बत और हमदर्दी पैदा करे तथा हमें रिश्तों को निभाने और इंसानियत की सेवा करने वाला बनाए।
आमीन या रब्बुल आलमीन।
