मतदाता सूची की पारदर्शिता, चुनाव अधिकारी की नियुक्ति और मतदान प्रक्रिया पर उठे सवाल; सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने निष्पक्ष जांच की मांग की
आगरा। श्री भगवान झूलेलाल मंदिर, पटेल नगर की चुनाव प्रक्रिया और प्रबंधन व्यवस्था को लेकर सिंधी समाज में विवाद गहराता जा रहा है। मंदिर के सदस्यों, पूर्व पदाधिकारियों और समाज के प्रतिनिधियों ने चुनाव में कथित अनियमितताओं, मतदाता सूची में पारदर्शिता की कमी और पिछले करीब 15 वर्षों के आय-व्यय का ऑडिट सार्वजनिक नहीं किए जाने पर गंभीर सवाल उठाए हैं। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने मंदिर प्रबंधन से जवाब मांगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
11 वर्षों तक चुनाव नहीं कराने का आरोप
सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया (उत्तर भारत) के अध्यक्ष अशोक लालवानी ने आरोप लगाया कि मंदिर में करीब 11 वर्षों तक चुनाव नहीं कराए गए, जबकि संस्था के संविधान के अनुसार पदाधिकारियों का कार्यकाल एक या दो वर्ष निर्धारित है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 15 वर्षों के ऑडिटेड खातों का विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है।
उन्होंने मंदिर में आने वाले चढ़ावे, दान और भवन के किराये से प्राप्त होने वाली आय का पारदर्शी हिसाब समाज के सामने रखने की मांग की। साथ ही पुरानी प्रबंधन समिति से नई समिति को सभी जरूरी दस्तावेज सौंपने की बात कही।
मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल
अध्यक्ष पद की उम्मीदवार समीरा चुगानी ने आरोप लगाया कि चुनाव की घोषणा के बावजूद मतदाता सूची उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 की पुरानी सूची के आधार पर चुनाव कराने की बात कही गई, जबकि इस दौरान कई सदस्यों की मृत्यु हो चुकी है या वे अन्य स्थानों पर जा चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2018 के बाद बनाए गए नए सदस्यों के नाम भी सूची में शामिल नहीं किए गए।
उन्होंने नामांकन की समय-सीमा और चुनाव अधिकारी की नियुक्ति की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।
बिना जानकारी दिए बदल दिया पीठासीन अधिकारी
सिंधी समाज के सदस्य गौतम थवानी ने बताया कि उन्हें पीठासीन अधिकारी बनाए जाने की बात कही गई थी। उन्होंने जब नए सदस्यों की सूची और बैलेंस शीट मांगी तो उन्हें बाद में उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। उनका आरोप है कि बिना पूर्व सूचना दिए किसी अन्य व्यक्ति को पीठासीन अधिकारी नियुक्त कर चुनाव करा दिया गया।
मतदान की गोपनीयता प्रभावित होने की आशंका
उपाध्यक्ष पद की उम्मीदवार सोनिया केशवानी ने आरोप लगाया कि चुनाव की शुरुआत से लेकर मतदान तक की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही। उन्होंने कहा कि बार-बार आपत्तियां दर्ज कराने के बावजूद उन पर ध्यान नहीं दिया गया।
उन्होंने मतदान के दौरान मतदाताओं को पर्चियों पर नंबर देने और रजिस्टर में दर्ज करने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार, इस व्यवस्था से मतदान की गोपनीयता प्रभावित होने की आशंका थी। उन्होंने फर्जी मतदान होने का आरोप भी लगाया।
स्वतंत्र ऑडिट और जांच की मांग
प्रेस वार्ता में अशोक हेमराजानी, रश्मि इंडिया सहित समाज के अन्य गणमान्य लोग और प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने, मतदाता सूची सार्वजनिक करने और पिछले वर्षों के आय-व्यय का स्वतंत्र ऑडिट कराने की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि मंदिर और संस्था की संपत्ति एवं आय का इस्तेमाल किसी व्यक्ति विशेष के हित में नहीं, बल्कि पूरे सिंधी समाज के धार्मिक, सामाजिक और कल्याणकारी कार्यों के लिए होना चाहिए। उन्होंने प्रबंधन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
नोट: समाचार में उल्लिखित अनियमितताओं और धांधली के आरोप प्रेस वार्ता में शामिल वक्ताओं के दावे हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि होना शेष है।
TIMES OF TAJ | समाचार एवं विचार
डिस्क्लेमर: यह समाचार प्राप्त जानकारी एवं संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर तैयार किया गया है।
