हवन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दी गई पूर्णाहुति, धर्म के साथ मानव सेवा का दिया संदेश
आगरा। श्रीकृष्ण लीला समिति की ओर से आयोजित श्रीकृष्ण लीला महोत्सव का समापन सेवा, समर्पण और आध्यात्मिकता के अनूठे संगम के साथ हुआ। समापन अवसर पर समिति की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें एसएन मेडिकल कॉलेज का विशेष सहयोग रहा। शिविर में महंत, उपासकों और शहर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

रक्तदान शिविर में पीतांबरा मंदिर, वजीरपुरा के महंत अनंत उपाध्याय एवं पंकज शास्त्री के साथ लक्ष्मण पंडित, मुन्नालाल, रामेंद्र मोहन, कृष्ण कुमार, अनूप गोयल, गोपाल शर्मा और मनोज बंसल आदि ने रक्तदान किया।
श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। एक व्यक्ति का रक्तदान किसी अनजान परिवार के जीवन में खुशियां लौटा सकता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण लीला महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करने के साथ भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम, करुणा, सेवा और परोपकार के संदेश को समाज तक पहुंचाना भी है। इसी भावना के साथ महोत्सव के समापन पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
एसएन मेडिकल कॉलेज की ओर से शिविर में डॉ. विनय गोयल, डॉ. शैली सिंह, प्रमोद कुमार, पिंकी त्यागी, अनवर खान, अनिरुद्ध, रजनीश, भावना और स्वाति ने रक्तदान की प्रक्रिया संपन्न कराई।
रक्तदान शिविर के बाद पंडित महेश शास्त्री के निर्देशन में हवन का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीकृष्ण लीला महोत्सव की पूर्णाहुति हुई। हवन में मुकेश शर्मा पंडित जी भी शामिल रहे। इसके साथ ही महोत्सव का विधिवत समापन हो गया।
इस अवसर पर नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल, समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महामंत्री विजय रोहतगी, लीला संयोजक शेखर गोयल, आदर्श नंदन गुप्ता, अशोक गोयल, मनोज अग्रवाल, विनीत सिंघल, लक्ष्मण पंडित, पंडित सचिन सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
रक्तदान शिविर एवं हवन की समस्त व्यवस्थाओं का दायित्व बृजेश अग्रवाल ने संभाला।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
