कांग्रेस भारत की आत्मा और लोकतांत्रिक मूल्यों की प्रतिनिधि: बशीर उल हक रॉकी
आगरा। कांग्रेस की स्थापना दिवस के अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष बशीर उल हक रॉकी ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और लोकतांत्रिक मूल्यों की सशक्त प्रतिनिधि है। उन्होंने कहा कि आज़ादी की लड़ाई से लेकर संविधान निर्माण और देश की एकता एवं अखंडता को मज़बूत करने तक कांग्रेस का योगदान ऐतिहासिक और अतुलनीय रहा है।
बशीर उल हक रॉकी ने कहा कि मौजूदा दौर में जब देश में नफ़रत, विभाजन और असहिष्णुता को बढ़ावा देने की कोशिशें की जा रही हैं, ऐसे समय में कांग्रेस की धर्मनिरपेक्ष और समावेशी विचारधारा पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गई है।
उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सभी धर्मों, वर्गों और समुदायों को साथ लेकर चलने की नीति अपनाई है तथा अल्पसंख्यकों, दलितों, पिछड़ों और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष किया है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस की संवैधानिक, लोकतांत्रिक और समावेशी सोच को जन-जन तक पहुँचाएँ और संगठन को ज़मीनी स्तर पर और अधिक मज़बूत करें, ताकि देश में सामाजिक सद्भाव और लोकतंत्र को सुदृढ़ किया जा सके।

