लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन के अवसर पर आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने प्रेसवार्ता कर पार्टी की अगले 100 दिनों की विस्तृत कार्ययोजना की घोषणा की। इसे कांग्रेस का आगामी चुनावों के लिए औपचारिक शंखनाद माना जा रहा है।

प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सी.पी. राय (पूर्व मंत्री), पूर्व विधायक इंदल रावत, वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय, अंशू अवस्थी, प्रियंका गुप्ता, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, ललन कुमार सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए श्रीमती आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि आज का दिन कांग्रेस के लिए अत्यंत शुभ है क्योंकि आज पार्टी की नेता श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा का जन्मदिन है। उन्होंने कहा कि इसी अवसर पर कांग्रेस पार्टी चुनावी वर्ष में जनता के सामने अपनी अगले 100 दिनों की कार्ययोजना रख रही है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर कांग्रेस जनता से सीधे संवाद की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा वोट काटने की साजिशों में लगी है। मनरेगा के कानूनी स्वरूप को समाप्त करने और एसआईआर के जरिए मतदाताओं के नाम काटने की कोशिशें की जा रही हैं, जिन्हें कांग्रेस किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।
कांग्रेस की 100 दिनों की प्रमुख कार्ययोजना
1. संविधान संवाद महापंचायत
कांग्रेस पूरे प्रदेश में 30 से अधिक संविधान संवाद महापंचायतों का आयोजन करेगी। इसकी शुरुआत 24 जनवरी 2026 को सीतापुर से होगी। इसके बाद लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, सहारनपुर, प्रतापगढ़ सहित पूरे प्रदेश में महापंचायतें आयोजित कर योगी सरकार की नीतियों को जनता के सामने रखा जाएगा।
2. मनरेगा बचाओ संग्राम
कांग्रेस ने मनरेगा को बचाने के लिए जनआंदोलन छेड़ने का ऐलान किया। पार्टी ने मनरेगा मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी 400 रुपये प्रतिदिन सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया और कहा कि मजदूरों व ग्राम सभा के अधिकारों की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिकता है।
3. एसआईआर निगरानी अभियान
एसआईआर प्रक्रिया की निगरानी के लिए सांसदों, विधायकों और पूर्व जनप्रतिनिधियों की मॉनिटरिंग कमेटी गठित की गई है। एक माह के भीतर छूटे और कटे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएंगे। बूथ स्तर पर पहले ही 1600 एसआईआर कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए जा चुके हैं।
4. पंचायत चुनाव 2026
कांग्रेस पंचायत चुनाव 2026 में पूरी ताकत के साथ अकेले मैदान में उतरेगी। संगठन सृजन अभियान के तहत इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।
5. सेवा और बलिदान के 140 वर्ष
कांग्रेस स्थापना के 140 वर्ष पूरे होने पर वर्ष भर प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों और प्रमुख शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें कांग्रेस के ऐतिहासिक अधिवेशनों की फोटो प्रदर्शनी और विचार गोष्ठियां होंगी।
6. एमएलसी चुनाव 2026
नवंबर 2026 में होने वाले स्नातक व शिक्षक एमएलसी चुनावों में कांग्रेस मजबूती से उतरेगी। अब तक लगभग 80 हजार स्नातक और 32 हजार शिक्षक मतदाता बनाए जा चुके हैं। कई सीटों पर कोऑर्डिनेटर घोषित किए गए हैं।
7. रमाबाई अंबेडकर मैदान में महारैली
संविधान संवाद महापंचायतों के बाद राजधानी लखनऊ में एक भव्य महारैली आयोजित की जाएगी।
8. संगठन सृजन अभियान
प्रदेश में अब तक 9 हजार मंडल और लगभग 1.5 लाख बूथ अध्यक्ष नियुक्त किए जा चुके हैं। एसआईआर और मनरेगा अभियानों में मंडल अध्यक्षों को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
प्रेसवार्ता के अंत में श्रीमती आराधना मिश्रा मोना ने बताया कि चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार एसआईआर-2026 के दौरान कांग्रेस द्वारा लगभग 1 लाख बीएलए नियुक्त किए गए हैं, जो संगठन की जमीनी मजबूती को दर्शाता है।
प्रेसवार्ता के बाद श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन के अवसर पर केक काटा गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दीं तथा उत्साहपूर्वक जन्मदिन मनाया।

