संवाद।। तौफीक फारूकी
फर्रुखाबाद। अग्निशमन कार्यालय फर्रुखाबाद में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा आपदा प्रबंधन को लेकर मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की उपस्थिति रही।
शाम करीब 6 बजे सायरन बजते ही पूरे परिसर में ब्लैकआउट कर दिया गया। इसके दो मिनट बाद पुनः सायरन बजाया गया, जिसके साथ मॉकड्रिल की शुरुआत हुई। अभ्यास के दौरान फायर टेंडर की सहायता से आग पर काबू पाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
मॉकड्रिल के तहत घटनास्थल पर मौजूद घायलों का रेस्क्यू कर प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, छत पर फंसे घायलों को रस्सी के सहारे सुरक्षित नीचे उतारा गया, उपचार के बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया।
इस मॉकड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में प्रशासनिक अमले की तैयारियों को परखना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल, क्षेत्राधिकारी सदर ऐश्वर्या उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा तथा चिकित्सा विभाग के अधिकारी आर.सी. माथुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

