संवाद।। तौफीक फारूकी
फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर मज़बूत करने में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में प्रदेशभर में पीडीए जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसके ज़रिये समाज के पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को एकजुट करने की कोशिश तेज़ हो गई है।
फर्रुखाबाद ज़िले के कमालगंज क्षेत्र में भी समाजवादी पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों में तेज़ी आई है। यहां सपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य जुनैद सिद्दीकी के नेतृत्व में ब्लॉक, गांव और पंचायत स्तर पर संगठन को सशक्त करने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
बताया जाता है कि जब से जुनैद सिद्दीकी कमालगंज क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य चुने गए हैं, तब से उन्होंने हर वर्ग, हर समाज और हर जाति के लोगों को समाजवादी पार्टी से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। उनकी सक्रियता का असर यह है कि क्षेत्र में सपा का जनाधार लगातार मज़बूत होता जा रहा है।
उधर, 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी दोनों ही दलों ने अपनी-अपनी रणनीति तेज कर दी है। एक ओर जहां भाजपा उत्तर प्रदेश की सत्ता में काबिज़ है, वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेशभर में दौरे कर भाजपा सरकार की नीतियों पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास की जगह विनाश की दिशा में धकेलने का काम किया है।
फर्रुखाबाद और कन्नौज ज़िले की बात करें तो यहां समाजवादी पार्टी ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूती प्रदान की है। सपा नेता जिला पंचायत सदस्य जुनैद सिद्दीकी अब तक सैकड़ों पंचायतों और नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से हज़ारों लोगों तक समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचा चुके हैं।
एक बातचीत के दौरान जुनैद सिद्दीकी ने कहा,
“2027 में पीडीए का नारा इंशाल्लाह पूरी तरह सफल होगा। उत्तर प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार और बेरोज़गारी से परेशान है। जनता अब मन बना चुकी है और इस बार समाजवादी पार्टी को सत्ता में लाकर जवाब देगी।”

