राहुल गांधी के आरोपों पर राजनाथ सिंह और अमित शाह का कड़ा पलटवार
नई दिल्ली। केंद्र सरकार के बजट पर संसद में चर्चा के दौरान लोकसभा में उस वक्त तीखी बहस देखने को मिली, जब पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की कथित किताब का मुद्दा उठा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार को घेरते हुए दावा किया कि चीनी सेना भारतीय सीमा में घुसपैठ कर रही है और सरकार इस सच्चाई को छिपा रही है।
राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि सीमा पर हालात चिंताजनक हैं और देश को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व आर्मी चीफ की कथित पुस्तक का हवाला देते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।
राहुल गांधी के आरोपों पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने कड़ा जवाब दिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और सेना पूरी मुस्तैदी के साथ देश की रक्षा कर रही है। वहीं अमित शाह ने राहुल गांधी के बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि ऐसे बयान देश की सुरक्षा और सैनिकों के मनोबल को ठेस पहुंचाते हैं।
मामले को लेकर सदन में हंगामा तेज हो गया, जिसके चलते कार्यवाही कुछ समय के लिए बाधित भी रही। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और तीखा हो गया है।

