आगरा। ताजमहल भ्रमण के दौरान अपने परिजनों से बिछड़ गई 5 वर्षीय बच्ची को ताज सुरक्षा पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मात्र 20 मिनट के भीतर उसके परिवार से मिलवा दिया।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद से आया एक पर्यटक परिवार ताजमहल देखने पहुंचा था। ताजमहल का भ्रमण करने के बाद पश्चिमी गेट के पास भीड़भाड़ के दौरान 5 वर्षीय हिफ्जा पुत्री नरगिस अपने परिजनों से बिछड़ गई। परिजनों से अलग होने के कारण बच्ची घबराकर रोते हुए इधर-उधर भटक रही थी।
इसी दौरान थाना ताज सुरक्षा में तैनात उप निरीक्षक शिवराज सिंह की नजर बच्ची पर पड़ी। उन्होंने तत्काल बच्ची को अपने पास बुलाया और उससे रोने का कारण पूछा। बच्ची ने बताया कि वह अपनी मां से बिछड़ गई है।
मामले की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ताज सुरक्षा तिलक राम भाटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई, रेडियो अनाउंसमेंट कराया तथा आरटी सेट के माध्यम से सभी सुरक्षा बिंदुओं को बच्ची के संबंध में सूचना प्रसारित की। पुलिस के समन्वित प्रयासों का परिणाम रहा कि मात्र 20 मिनट के भीतर बच्ची के परिजनों का पता लगाकर उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने ताज सुरक्षा पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की तत्परता एवं मानवीय कार्यशैली की सराहना की।
इस सराहनीय कार्य में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, मुख्य आरक्षी किरन पाल सिंह तथा महिला आरक्षी सुनीता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

