बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सतरिख थाना क्षेत्र के उधवापुर गांव स्थित एक सरकारी विद्यालय में तैनात महिला शिक्षिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों के अनुसार, महिला शिक्षिका के पति सुबह उन्हें रोज़ की तरह स्कूल छोड़ने गए थे, लेकिन शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटीं तो परिजन चिंतित हो गए। खोजबीन के दौरान स्कूल पहुंचने पर शिक्षिका का शव स्कूल परिसर में फंदे से लटकता हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने स्कूल परिसर को सील कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पति ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिक्षिका को लंबे समय से परेशान किया जा रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में थीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

