आगरा। श्रीमती बी.डी. जैन कन्या महाविद्यालय, आगरा के हिंदी विभाग द्वारा शुक्रवार को मुंशी प्रेमचंद जयंती के अवसर पर साहित्यिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को प्रेमचंद के साहित्य के विविध आयामों, सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. नेहा विश्वकर्मा ने गोष्ठी की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए किया। अतिथियों ने मुंशी प्रेमचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
गोष्ठी की अध्यक्षता कार्यवाहक प्राचार्या एवं संगीत विभागाध्यक्ष प्रो. मीरा अग्रवाल ने की। इस अवसर पर गृहविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. किरण सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. शिखा श्रीधर ने प्रेमचंद के साहित्य के संवेदनात्मक पक्षों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके लेखन की समकालीन प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में छात्राओं रेशमा, काजल, खुशी और सुरभि ने प्रेमचंद की कहानियों एवं उपन्यासों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं डॉ. अर्चना सिंह ने ‘बूढ़ी काकी’ कहानी के माध्यम से वृद्धावस्था में सामाजिक उपेक्षा और मानवीय संवेदनाओं पर सारगर्भित वक्तव्य दिया।
समापन अवसर पर डॉ. अंकिता तिवारी ने प्रेमचंद के साहित्यिक अवदानों पर प्रकाश डालते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. नेहा विश्वकर्मा ने किया।

