जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए
कासगंज। सहावर टाउन में बुधवार की देर रात रेलवे ट्रैक पर एक अधेड का शव क्षत विक्षत अवस्था में मिला है। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने मौका मुआयना कर शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव की शिनाख्त के भी प्रयास किए, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस पर सुरक्षित रखवा दिया है।
पुलिस के मुताबिक सहावर टाउन में रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति का क्षत विक्षत शव पड़े होने की जानकारी बुधवार की देर रात जीआरपी थाना पर दी गई।
सूचना के बाद जीआरपी थाना से एसआई सलमान अली मय पुलिस बल के मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आशंका जताई है कि व्यक्ति की मौत संभवतया ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। शव की शिनाख्त के बाद ही अधिक जानकारी का पता लग सकेगा। एसआई ने बताया कि उन्होंने आसपास के लोगों से भी जानकारी ली, लेकिन व्यक्ति के मंदबुद्धि होने का ही पता चला है। शेष अन्य जानकारी के लिए उसकी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। शिनाख्त के लिए शव को 72 घंटे के लिए पोस्टमार्टम हाउस पर सुरक्षित रखवा दिया है।

