आगरा। कमिश्नरेट आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र से जुड़े एक पुराने लेकिन महत्वपूर्ण प्रकरण में पुलिस ने 25 वर्षों से गुमशुदा व्यक्ति दिनेशचन्द्र की तलाश तेज़ कर दी है। पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए सूचना देने पर ₹50,000 (पचास हजार रुपये) का इनाम घोषित किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनेशचन्द्र पुत्र प्रेमचन्द्र, निवासी एत्माद्दौला, लगभग 25 वर्ष पूर्व बिना बताए घर से चले गए थे। बताया गया है कि गुमशुदा व्यक्ति मानसिक रोगी थे। इस संबंध में थाना एत्माद्दौला पर मु0अ0सं0 458/1985, धारा 302/452 भा.द.वि. के तहत मामला पंजीकृत है, जिसमें दिनेशचन्द्र को आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है और वह जमानत पर रिहा थे।
पुलिस ने बताया कि उक्त मामले में माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद में अपील लंबित है, जिसमें उच्च न्यायालय द्वारा दिनेशचन्द्र को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के आदेश दिए गए हैं। आदेशों के अनुपालन हेतु पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
आगरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को भी दिनेशचन्द्र के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹50,000 का इनाम दिया जाएगा।
सूचना देने हेतु संपर्क करें:
उप निरीक्षक देव सिंह (जांचकर्ता), थाना एत्माद्दौला, आगरा
📞 9412489088
प्रभारी निरीक्षक, थाना एत्माद्दौला, आगरा
📞 9454402740
पुलिस कंट्रोल रूम, आगरा
📞 9454402771
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। आगरा पुलिस ने नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

