नई दिल्ली। आज के डिजिटल दौर में Unique Identification Authority of India का आधार कार्ड सिर्फ पहचान पत्र नहीं, बल्कि बैंकिंग, सरकारी योजनाओं, मोबाइल सिम और कई जरूरी सेवाओं का अहम दस्तावेज बन चुका है। ऐसे में यदि आपका मोबाइल नंबर बदल जाए या आप नए पते पर शिफ्ट हो जाएं, तो आधार में जानकारी अपडेट कराना बेहद जरूरी हो जाता है।
UIDAI ने आधार में जानकारी अपडेट करने के लिए अलग-अलग नियम और सीमाएं तय की हैं, ताकि लोग जरूरत पड़ने पर आसानी से अपनी डिटेल्स सुधार सकें।
एड्रेस कितनी बार बदल सकते हैं?
आधार कार्ड में पता (Address) जरूरत के अनुसार कई बार अपडेट कराया जा सकता है। इसके लिए myAadhaar Portal का उपयोग किया जा सकता है। नौकरी, पढ़ाई या किराए के मकान के कारण बार-बार शहर बदलने वाले लोगों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी है।
मोबाइल नंबर अपडेट करने का नियम
मोबाइल नंबर भी जरूरत पड़ने पर कई बार बदला जा सकता है। इसके लिए आधार सेवा केंद्र जाना होता है। UIDAI ऐप और आधार सेवा केंद्र के जरिए नया नंबर अपडेट कराया जा सकता है। नया नंबर जोड़ने के बाद OTP वेरिफिकेशन और ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया पूरी करनी होती है। अपडेट के बाद आधार से जुड़े सभी मैसेज और अलर्ट नए नंबर पर आने लगते हैं।
नाम, जन्मतिथि और जेंडर बदलने की लिमिट
UIDAI के नियमों के मुताबिक:
- नाम (Name) केवल 2 बार अपडेट कराया जा सकता है।
- जन्मतिथि (Date of Birth) में बदलाव सिर्फ 1 बार संभव है।
- जेंडर (Gender) भी केवल 1 बार बदला जा सकता है।
इसलिए इन जानकारियों को अपडेट करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। गलत जानकारी देने पर बाद में परेशानी हो सकती है और दोबारा बदलाव करना मुश्किल हो सकता है।
पुराना मोबाइल नंबर बंद हो जाए तो क्या करें?
अगर आपका पुराना मोबाइल नंबर बंद हो चुका है, तब भी घबराने की जरूरत नहीं है। आप नजदीकी आधार सेवा केंद्र जाकर नया नंबर अपडेट करा सकते हैं।
कितना लगता है शुल्क?
आधार में एड्रेस, मोबाइल नंबर, नाम, जेंडर और जन्मतिथि अपडेट कराने के लिए 75 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। हर अपडेट के लिए तय फीस देनी होती है और प्रक्रिया पूरी होने में कुछ दिन लग सकते हैं।
UIDAI लोगों को सलाह देता है कि आधार में हमेशा सही मोबाइल नंबर और पता अपडेट रखें, ताकि बैंकिंग, पैन लिंकिंग और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाओं में किसी तरह की दिक्कत न हो।

