आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा की प्रतिभाशाली जिम्नास्ट अनन्या गुप्ता ने एक बार फिर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन किया है। अनन्या गुप्ता का चयन आगामी एशियन जूनियर आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है।
अनन्या, रोहित गुप्ता की पुत्री हैं और वर्तमान में एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने भुवनेश्वर स्थित हाई परफॉर्मेंस जिम्नास्टिक सेंटर में 22 मई से 20 जून तक आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम में अपनी जगह सुनिश्चित की।
एशियन जूनियर आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप का आयोजन 25 से 28 जून 2026 तक जियांगयिन (चीन) में किया जाएगा, जहां अनन्या भारतीय तिरंगे का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
अनन्या जून 2022 से एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा में प्रशिक्षक सविता श्रीवास्तव, जावेद और राजेश यादव के मार्गदर्शन में कठिन परिश्रम और समर्पण के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं। उनकी इस उपलब्धि को आगरा के खेल जगत के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
अनन्या के चयन पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों तथा खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है और एशियन चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतने की शुभकामनाएं दी हैं।
यह उपलब्धि न केवल अनन्या की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि आगरा के खेल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। पूरे शहर को अब एशियन चैंपियनशिप में अनन्या के शानदार प्रदर्शन का इंतजार है।

