आगरा। ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलिमीन (AIMIM) महानगर इकाई ने जामा मस्जिद में हौज के पानी को कथित रूप से नापाक किए जाने के मामले को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि कुछ लड़कियों द्वारा हौज में पैर धोने की घटना सामने आई है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसको गंभीरता से लेते हुए AIMIM महानगर अध्यक्ष मोहम्मद साबिर खान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा और जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि जामा मस्जिद में स्थित हौज के पानी को तत्काल बदलकर साफ पानी भरा जाए, ताकि नमाज़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही मस्जिद प्रबंधन से यह भी अपील की गई कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एक चौकीदार या सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
AIMIM नेताओं का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित कर सकती हैं, इसलिए प्रशासन को इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में मिर्जा मुकर्रम बेग (पूर्व सांसद प्रत्याशी, फिरोजाबाद), शाकिर उस्मानी, शाहनवाज उस्मानी, शाहिद खान, राजू चौहान, बंटी भाई सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
पूर्व सांसद प्रत्याशी मिर्जा मुकर्रम बेग ने कहा कि “जामा मस्जिद जैसी ऐतिहासिक और धार्मिक जगह की पवित्रता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस तरह की घटनाएं किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। प्रशासन को चाहिए कि तत्काल प्रभाव से हौज का पानी बदला जाए और सख्त निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके। AIMIM हमेशा अमन, भाईचारे और धार्मिक सम्मान की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी।”

