लखनऊ। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा कि “भगवान को नचाने का अहंकार रखने वालों को भगवान ने ही नचा दिया। अपने को भगवान से ऊपर समझने वालों को भगवान ने चलती गाड़ी से नीचे उतार दिया।”
सोमवार को जारी बयान में सपा प्रमुख ने कहा कि बांकीपुर का परिणाम भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में वे लोग भी इस परिणाम से खुश हैं, जिन्हें पीडीए समाज से होने के कारण राष्ट्रीय स्तर का पद न देकर राज्य स्तर का पद दिया गया था। अब वे भी मुस्कुराकर पूछ रहे हैं कि “पांच बड़ा या सात।”
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता अब यह सवाल भी कर रही है कि जब राष्ट्रीय अध्यक्ष विधानसभा नहीं जिता पाए तो राज्य अध्यक्ष विधानसभा चुनाव कैसे जिता पाएंगे। उन्होंने इसे “डबल इंजन की डबल हार” करार दिया।
सपा अध्यक्ष ने भाजपा की हार के लिए युवाओं की एकता और अभिभावकों के आक्रोश को जिम्मेदार बताया। उन्होंने वोट चोरी, पेपर चोरी, नौकरी और आरक्षण से जुड़े मुद्दों, भ्रष्टाचार, महंगाई तथा पीडीए समाज पर कथित अत्याचार जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए भाजपा पर जनता के विश्वास और आस्था को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि अब भाजपा में भी अपने ही किसी नेता के इस्तीफे की मांग उठ सकती है। अखिलेश के मुताबिक, “जो अपनी ही विधानसभा हार गए, उनके भरोसे नाव कैसे पार होगी।”
अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा की हार बदलाव की शुरुआत है और आने वाले समय में भाजपा की सबसे सुरक्षित एवं परंपरागत सीटें भी उसे हार से नहीं बचा पाएंगी।

