संवाद – विनोद मिश्रा
बांदा। जिले की अलोना पंप कैनाल किसानों को ठेंगा दिखा रही है। दो माह सें यह ठप पड़ी है। किसान सिंचाई के लिये तरस रहे हैं। परेशान किसानों नें प्रदर्शन कर इस संदर्भ में डीएम को ज्ञापन दिया।

जिले के पैलानी तहसील के अलोना गांव के किसानों ने बताया की हमारे गांव की कैनाल पंप दो महीने से बंद है,सिंचाई के अभाव में फसलें बर्बाद हो रही हैं। किसानों ने नहर पंप बंद होने और बिजली आपूर्ति ठप होने का विरोध किया।
किसानों के अनुसार, मई और जून माह में मवई के पास से लगभग दस बिजली के खंभों के तार चोरी हो गए थे। इस घटना के बाद से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित है। इसी कारण कैनाल पंप भी नहीं चल पा रहा है।
किसानों ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में बिजली विभाग के मुख्य अभियंता और जूनियर इंजीनियर के साथ-साथ नहर विभाग के अधिशासी अभियंता को कई बार लिखित शिकायतें दी हैं,पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
क्षेत्रीय किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि अलोना कैनाल पंप को दो दिनों के भीतर चालू नहीं किया गया, तो वे पंप स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन को मजबूर होंगे।
इस ज्ञापन के दौरान कमल गौर, आशाराम, वीरेंद्र साहू, मनोज, बाबू तिवारी, जयपाल,रणधीर, राम सिंह,शिशुपाल और कमलेश दीक्षित सहित कई अन्य किसान मौजूद रहे।

