राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी अध्यक्षता, NCTE चेयरमैन प्रो. पंकज अरोड़ा होंगे मुख्य अतिथि; 64 मेधावी विद्यार्थियों को 88 पदकों से किया जाएगा सम्मानित
आगरा, । डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 92वां दीक्षांत समारोह 3 अगस्त को प्रातः 10 बजे स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर स्थित शिवाजी मंडपम में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के चेयरमैन प्रो. पंकज अरोड़ा मौजूद रहेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्यमंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
शनिवार को विश्वविद्यालय के जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में कुलपति प्रो. आशु रानी ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष के आयोजनों की श्रृंखला में यह दीक्षांत समारोह महत्वपूर्ण कार्यक्रम होगा। इसमें शिक्षा, शोध, नवाचार, महिला स्वास्थ्य, खेल, संस्कृति और विश्वविद्यालय के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
79,832 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां
कुलपति ने बताया कि इस वर्ष कुल 79,832 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 55,686 स्नातक, 9,150 स्नातकोत्तर, 14,826 प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी, 167 पीएचडी शोधार्थी तथा 3 विद्वानों को डी.लिट. की उपाधि प्रदान की जाएगी।
शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 64 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 88 पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 46 छात्राएं और 18 छात्र शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल के शिल्पकार को मानद उपाधि
विश्वविद्यालय इस वर्ष भारतीय पारंपरिक हस्तशिल्प और ग्रामीण उद्यमिता के संरक्षण एवं संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान के लिए पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध गोल्डन ग्रास (मदुर) शिल्पकार अरधेंदु शेखर दास को मानद उपाधि से सम्मानित करेगा।
कुलपति ने बताया कि श्री दास दो दशक से अधिक समय से पारंपरिक भारतीय शिल्प को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने लगभग 50 ग्रामीण कारीगरों, विशेषकर महिलाओं, को स्वरोजगार उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
100 बालिकाओं का होगा निःशुल्क HPV टीकाकरण
दीक्षांत समारोह में महिला स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष पहल की जाएगी। इसके तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 100 बालिकाओं का निःशुल्क HPV टीकाकरण किया जाएगा। अभियान में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आगरा का विशेष सहयोग रहेगा।
टीकाकरण के बाद कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल प्रत्येक बालिका को गृह विज्ञान संस्थान के खाद्य एवं पोषण विभाग द्वारा तैयार न्यूट्रिशन बास्केट प्रदान करेंगी। इसमें रागी बिस्कुट, आंवला कैंडी, एनर्जी लेमन ड्रिंक, कैरामेल मखाने और मोरिंगा मठरी सहित पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल होगी।
कुलपति ने कहा कि इस पहल के माध्यम से किशोरियों में पोषण और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को लेकर जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
खिलाड़ियों और उत्कृष्ट शिक्षकों का भी सम्मान
समारोह में अखिल भारतीय विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं, खेलो इंडिया, नॉर्थ जोन और विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। स्वर्ण और रजत पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
इसके अलावा उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान, शिक्षकों द्वारा लिखी गई पुस्तकों का लोकार्पण और स्वर्ण पदक विजेताओं एवं शोधार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा।
डिजिटल डिग्री का होगा लाइव प्रदर्शन
समारोह में विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय शैक्षणिक डिपॉजिटरी (NAD) पर डिजिटल डिग्री अपलोड किए जाने का लाइव प्रदर्शन भी होगा।
विश्वविद्यालय का सामुदायिक रेडियो 90.4 ‘आगरा की आवाज’ विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रस्तुत करेगा, जिसमें विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष के स्थापना दिवस समारोह और दीक्षोत्सव के प्रमुख आयोजनों की झलकियां दिखाई जाएंगी।
विद्यालयी विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, HPV अभियान में सहयोग देने वाले प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों का सम्मान, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को पोषण किट और प्राथमिक विद्यालयों को पुस्तकों का वितरण भी कार्यक्रम का हिस्सा होगा।
कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
कुलाधिपति द्वारा विश्वविद्यालय की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इनमें विश्वविद्यालय मॉडल स्कूल का जीर्णोद्धार एवं विस्तार, मियावाकी (निधिवन) परियोजना, चाणक्य सदन एवं अतिथि गृह का नवीनीकरण, सेंटर फॉर लीगल एजुकेशन ‘शताब्दी भवन’, कणाद हाईटेक इंस्ट्रूमेंटेशन सेंटर, बाबा भीमराव आंबेडकर प्रतिमा स्थल का नवीनीकरण, छलेसर परिसर में शताब्दी द्वार, लॉन टेनिस कोर्ट तथा सड़क एवं पार्किंग निर्माण प्रमुख हैं।
वहीं आंबेडकर भवन और 12 आवासों वाले टीचर्स होम के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा।
महिला और पुरुष छात्रावास बनाने की तैयारी
कुलपति ने बताया कि गोपालगंज परिसर में महिला छात्रावास तथा सुल्तानगंज परिसर में पुरुष छात्रावास के निर्माण की योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए वर्तमान जर्जर भवनों को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और लोक निर्माण विभाग से आवश्यक अनुमति भी प्राप्त हो गई है। कुलाधिपति के निरीक्षण के बाद आगे की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
वैध आमंत्रण पत्र से ही मिलेगा प्रवेश
कुलपति ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि दीक्षांत समारोह में प्रवेश केवल वैध आमंत्रण पत्र के माध्यम से ही दिया जाएगा। पत्रकारों से निर्धारित समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रेसवार्ता में कुलसचिव अजय मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश, वित्त अधिकारी सुदर्शन, प्रो. भूपेंद्र स्वरूप शर्मा, प्रो. प्रदीप श्रीधर, डॉ. स्वेतलाना, डॉ. संदीप, तरुण, प्रो. शरद उपाध्याय और जनसंपर्क अधिकारी पूजा सक्सेना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

