आगरा। एसोसिएशन ऑफ मुस्लिम प्रोफेशनल्स (AMP) के तत्वावधान में एम.ए.बी.आर. सेकेंडरी स्कूल, गढ़ी चांदनी, प्रकाश नगर, यमुना ब्रिज, आगरा में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए ऑफलाइन करियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न रोजगारपरक करियर विकल्पों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं उमरी पब्लिक स्कूल, आगरा के प्रबंधक अज़हर उमरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कक्षा 10वीं और 12वीं के बाद सही करियर का चयन जीवन की दिशा तय करता है। उन्होंने छात्रों से अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर चुनने, निरंतर अध्ययन करने तथा डिजिटल युग में नई तकनीकों और कौशलों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व विकास के महत्व पर भी जोर दिया।

दूसरे वक्ता मौलाना अल्तमश रहमानी ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, अनुशासन और मेहनत के बल पर सफलता प्राप्त करने के गुर बताए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो हर छात्र अपने सपनों को साकार कर सकता है।
सेमिनार के दौरान छात्रों ने उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, प्रोफेशनल कोर्स, स्कॉलरशिप तथा रोजगार के अवसरों से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित करने का संकल्प लिया।

