नई दिल्ली। अगस्त महीने की शुरुआत आम उपभोक्ताओं और कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। केंद्र सरकार ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है। लगातार दूसरे महीने कमर्शियल गैस सिलिंडर सस्ता किया गया है, जबकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, दिल्ली में 19 किलो कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमत 202 रुपये घटाकर 2,728 रुपये कर दी गई है। पहले इसकी कीमत 2,930 रुपये थी।
इसी तरह कोलकाता में सिलिंडर 209 रुपये सस्ता होकर 2,872.50 रुपये का हो गया है। पटना में भी 209 रुपये की कमी के बाद इसकी नई कीमत 3,018 रुपये हो गई है। वहीं लखनऊ में कमर्शियल सिलिंडर अब 2,860.50 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 3,052.50 रुपये थी।
व्यापारियों को मिलेगी राहत
कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में इस कटौती से रेस्टोरेंट, होटल, ढाबा, कैटरिंग व्यवसाय और चाय-नाश्ते की दुकानों को सीधा लाभ मिलेगा। गैस खर्च कम होने से छोटे कारोबारियों की परिचालन लागत में भी कमी आएगी।
घरेलू सिलिंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं
वहीं, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमतें पहले की तरह ही बरकरार रखी गई हैं। प्रमुख शहरों में घरेलू सिलिंडर की कीमतें इस प्रकार हैं—
- दिल्ली: 942 रुपये
- कोलकाता: 968 रुपये
- मुंबई: 941.50 रुपये
- चेन्नई: 957.50 रुपये
सरकार के इस फैसले से व्यावसायिक गैस उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल गैस की कीमतों में किसी नई राहत का इंतजार रहेगा।

