आगरा। सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से सऊदी अरब में विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह जानकारी सहायक निदेशक चंद्रचूड़ दुबे ने दी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी पोर्टल पर निःशुल्क पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए है। चयनित उम्मीदवारों को लगभग ₹43,962 से ₹99,188 प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
भर्ती के लिए स्ट्रक्चर वेल्डर, वेल्डर, वेल्डिंग, फैब्रिकेशन, प्लंबर, टेक्नीशियन आदि क्षेत्रों में कार्य अनुभव होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों के लिए अनुभव सीमा 5 से 15 वर्ष तथा आयु सीमा 25 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है।
सहायक निदेशक ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिदिन 8 घंटे कार्य करना होगा तथा सप्ताह में 6 कार्य दिवस रहेंगे। अनुबंध अवधि 2 वर्ष की होगी। कंपनी द्वारा वीजा, यात्रा, आवास और मेडिकल इंश्योरेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल� पर जॉब सीकर के रूप में निःशुल्क पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, साँई का तकिया चौराहा, एमजी रोड, आगरा में संपर्क किया जा सकता है।

